शास्त्री नगर–विद्याधर नगर से खाटू श्याम जी की 17वीं पदयात्रा रवाना पांच निर्धन कन्याओं का निःशुल्क विवाह, भव्य दरबार व भंडारे का आयोजन





जयपुर।

श्री श्याम नव मंडल परिवार शास्त्री नगर एवं विद्याधर नगर द्वारा जयपुर से खाटू श्याम जी मंदिर के लिए 17वीं पदयात्रा बड़ी धूमधाम से रवाना हुई। पदयात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा श्याम के जयकारों के साथ नाचते-गाते हुए विद्याधर नगर स्थित पी.एस. पैराडाइज पहुंचे।

इस अवसर पर पांच निर्धन कन्याओं का निःशुल्क सामूहिक विवाह विधिवत मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराया गया। नवविवाहित जोड़ों को उपहार स्वरूप आवश्यक घरेलू सामग्री एवं आभूषण भेंट किए गए। विवाह उपरांत भंडारे का आयोजन किया गया।


सायंकाल बाबा श्याम का भव्य दरबार सजाया गया, जिसमें भजन गायकों ने निःशुल्क भजन प्रस्तुत कर भक्तिमय माहौल बना दिया। नवविवाहित जोड़ों एवं श्रद्धालुओं ने भजनों पर नृत्य कर बाबा का आशीर्वाद प्राप्त किया।

समिति अध्यक्ष महावीर कुमावत ने बताया कि पूर्व में भजन संध्या पर होने वाले व्यय को समाजसेवा की दिशा में लगाते हुए मंडल ने पदयात्रा के साथ निर्धन कन्याओं के विवाह कराने का संकल्प लिया, ताकि बेटियों के पिता पर आर्थिक बोझ न पड़े।


चार दिवसीय पदयात्रा खाटू के लिए रवाना हो गई है। यात्रियों के लिए मार्ग में भोजन, नाश्ता, दूध एवं रात्रि विश्राम की निःशुल्क व्यवस्था की गई है।

Previous Post Next Post