जयपुर, 1 फरवरी 2026।
रविवार तड़के जयपुर की सड़कों पर फिटनेस और खेल भावना का अभूतपूर्व नज़ारा देखने को मिला। संस्कृति युवा संस्था और वर्ल्ड ट्रेड पार्क द्वारा एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक व राजस्थान टूरिज्म के सहयोग से आयोजित एयू जयपुर मैराथन 2026 में एक लाख से अधिक धावकों ने भाग लेकर इसे ऐतिहासिक बना दिया। मैराथन का फ्लैग ऑफ मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने किया।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि एयू जयपुर मैराथन केवल खेल आयोजन नहीं, बल्कि स्वस्थ राजस्थान के निर्माण की दिशा में एक सशक्त कदम है। उन्होंने आयोजन को फिटनेस को जन-आंदोलन बनाने की प्रेरणा बताया।
इस अवसर पर संस्कृति युवा संस्था के अध्यक्ष पं. सुरेश मिश्रा, वर्ल्ड ट्रेड पार्क के चेयरमैन अनूप बर्तरिया, एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक के सीओओ योगेश जैन, एयू जयपुर मैराथन के रेस डायरेक्टर रवि गोयनका एवं सीईओ मुकेश मिश्रा सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे। फिटनेस आइकन मिलिंद सोमन ने 21 किमी हाफ मैराथन में दौड़कर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
मैराथन में 32 देशों के धावकों सहित दिव्यांग और विशेष सक्षम प्रतिभागियों ने भी भाग लिया। आयोजन के दौरान दो वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाए गए। पहला विवेकानंद ग्लोबल यूनिवर्सिटी के विद्यार्थियों द्वारा सामूहिक ‘वंदे मातरम्’ गायन का और दूसरा ‘मां – द सेंटर ऑफ बैलेंस’ विषय पर किए गए वैज्ञानिक प्रयोग का रहा।
प्रतियोगिता में फुल मैराथन पुरुष वर्ग में निलेश आर्सेकर प्रथम, मानव शर्मा द्वितीय और राहुल कटारिया तृतीय रहे, जबकि महिला वर्ग में अर्पिता सैनी विजेता रहीं। हाफ मैराथन पुरुष वर्ग में वर्सी राम और महिला वर्ग में आरती राव ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। 10 किलोमीटर ग्रीन रन पुरुष वर्ग में हितेश भट्ट और महिला वर्ग में दीपिका शर्मा विजेता रहीं, जबकि 5 किमी रन में ओमवीर प्रथम रहे।
सुरक्षा और सुविधा के लिए चिकित्सा, ट्रैफिक और स्वयंसेवकों की व्यापक व्यवस्था की गई, जिससे सभी दौड़ें सुचारू रूप से संपन्न हुईं। एयू जयपुर मैराथन ने जयपुर को फिटनेस और खेल गतिविधियों के राष्ट्रीय केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक और मजबूत कदम बढ़ाया।

