मुंबई। मेहनत, आत्मविश्वास और बहुआयामी व्यक्तित्व की मिसाल बनीं देबस्मिता ने 16 फरवरी 2026 को मुंबई में आयोजित ग्रैंड फिनाले में Femina Miss India Haryana 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ अब वे 61वें Femina Miss India राष्ट्रीय मंच पर हरियाणा का प्रतिनिधित्व करेंगी।
देशभर से आई प्रतिभागियों के बीच देबस्मिता ने कठिन चयन प्रक्रिया को पार करते हुए यह मुकाम हासिल किया। चयन का सफर नई दिल्ली में आयोजित दो दिवसीय स्क्रीनिंग राउंड से शुरू हुआ, जिसके बाद मुंबई में तीन दिन तक चले फाइनल चरण में प्रतिभागियों की सोच, व्यक्तित्व, मंच संचालन क्षमता और सामाजिक दृष्टि की गहन परीक्षा ली गई।
हरियाणा के सलावाहस गांव से जुड़ी देबस्मिता का बचपन राजस्थान के अजमेर में बीता। वे Mayo College Girls’ School की पूर्व छात्रा हैं, जहाँ उन्होंने खेल और नेतृत्व दोनों क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाई। आगे की पढ़ाई उन्होंने Mount Carmel College से की और वर्तमान में Christ University में ‘सस्टेनेबल डेवलपमेंट’ में मास्टर डिग्री के साथ एंथ्रोपोलॉजी (विज्ञान) का अध्ययन कर रही हैं।
सौंदर्य प्रतियोगिता के मंच तक पहुंचने का उनका सफर केवल ग्लैमर तक सीमित नहीं रहा। देबस्मिता ने भारतीय सेना की चयन प्रक्रिया के तहत संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा और Services Selection Board (एसएसबी) को सफलतापूर्वक पार कर मेरिट लिस्ट में स्थान बनाया है। यह उपलब्धि उन्हें अन्य प्रतिभागियों से अलग पहचान दिलाती है।
मॉडलिंग और सिनेमा जगत में भी वे तेजी से उभरता चेहरा हैं। वे कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय ब्रांड्स के लिए मॉडलिंग कर चुकी हैं तथा कन्नड़ फिल्म Bloody Babu में मुख्य भूमिका निभा चुकी हैं। सामाजिक सरोकारों से जुड़कर उन्होंने बेंगलुरु में जल-विषाक्तता पर शोध और परित्यक्त बच्चों के पुनर्वास जैसे कार्यों में भी योगदान दिया है।
अपनी इस उपलब्धि पर देबस्मिता ने कहा कि यह ताज उनके लिए केवल सम्मान नहीं, बल्कि एक जिम्मेदारी है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह मंच उन्हें समाज के लिए सार्थक कार्य करने और अपने सपनों को नई दिशा देने का अवसर देगा।
अब देबस्मिता की नजरें राष्ट्रीय मंच पर हैं, जहाँ वे हरियाणा की संस्कृति, आत्मविश्वास और नई सोच का प्रतिनिधित्व करती नजर आएंगी।
