जयपुर भाजपा शहर कार्यालय में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान का भव्य स्वागत

 


जयपुर, 17 फरवरी 2026। शिवराज सिंह चौहान के जयपुर आगमन पर भारतीय जनता पार्टी जयपुर शहर जिला कार्यालय में भव्य एवं गरिमामय स्वागत किया गया। भाजपा जयपुर शहर के जिला अध्यक्ष अमित गोयल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों, पुष्पमालाओं और जोरदार नारों के साथ उनका अभिनंदन किया। जिला कार्यालय “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के जयघोष से गूंज उठा।

इस अवसर पर राजसमंद विधायक दीप्ति माहेश्वरी, लाडपुरा विधायक कल्पना देवी, जिला महामंत्री रेखा राठौड़, जिला उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह पूर्यवंशी, अजय यादव, जिला मंत्री नीलू जांगिड़, जी. राम मीणा, विजय शर्मा (बंटी), प्रवक्ता निर्मल सैनी, कार्यालय मंत्री क्षमा अग्रवाल, आईटी संयोजक राजेश गौतम, सोशल मीडिया संयोजक मनीष शर्मा, राज सिंह राठौड़ सहित अनेक पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री चौहान ने कहा कि केंद्र सरकार का मूल मंत्र “किसान समृद्ध तो देश समृद्ध” है। उन्होंने केंद्र सरकार की किसान कल्याणकारी नीतियों और हाल ही में केंद्रीय बजट में किसानों के लिए किए गए प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आज भारत की कृषि नीति केवल समर्थन तक सीमित नहीं, बल्कि किसानों को सशक्त बनाने की दिशा में कार्य कर रही है।

उन्होंने आधुनिक तकनीक के उपयोग, बेहतर बाजार व्यवस्था, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार और किसानों के खातों में सीधे आर्थिक सहायता को कृषि क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव का आधार बताया।

चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने किसानों को योजनाओं के साथ सम्मान और आत्मविश्वास भी दिया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि सरकार की किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाएं ताकि कोई भी पात्र किसान लाभ से वंचित न रहे।

उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता केवल राजनीतिक कार्यकर्ता नहीं, बल्कि जनसेवक हैं और उनका दायित्व है कि वे सरकार और जनता के बीच मजबूत सेतु का कार्य करें।

Previous Post Next Post