विकसित राजस्थान @2047 के विज़न को साकार करेगा बजट: 35 लाख किसानों को मिलेगा 25 हजार करोड़ रुपये का ब्याजमुक्त फसली ऋण

 


जयपुर, 11 फरवरी। सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम कुमार दक ने कहा कि वर्ष 2026-27 का बजट विकसित राजस्थान @2047 के लक्ष्य की दिशा में ठोस और सर्वस्पर्शी कदम है। उन्होंने बताया कि बजट में कृषि, सहकारिता, उद्योग, युवा कल्याण, शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत संरचना और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में संतुलित प्राथमिकता दी गई है।

सहकारिता मंत्री ने कहा कि 35 लाख किसानों को 25 हजार करोड़ रुपये का ब्याजमुक्त अल्पकालीन फसली ऋण उपलब्ध कराया जाएगा, जिसके लिए 800 करोड़ रुपये का ब्याज अनुदान रखा गया है। इसके अलावा, दीर्घकालीन सहकारी कृषि एवं अकृषि क्षेत्रों के लिए 590 करोड़ रुपये के ऋण पर 5 प्रतिशत ब्याज अनुदान की घोषणा की गई है, जिससे लगभग 26 हजार किसान और लघु उद्यमी लाभान्वित होंगे।

उन्होंने बताया कि सहकारी समितियों में नए गोदाम निर्माण, जीर्ण-शीर्ण गोदामों का पुनर्निर्माण और नवगठित जिलों में जिला सहकारी उपभोक्ता भण्डार स्थापित किए जाएंगे। साथ ही सभी जिलों में उपहार विक्रय केन्द्र शुरू किए जाएंगे, जिससे उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण वस्तुएं उचित दामों पर उपलब्ध होंगी।

 दक ने कहा कि इन प्रावधानों से सहकारी तंत्र सशक्त होगा और राजस्थान को विकसित राज्य बनाने की दिशा में ठोस प्रगति सुनिश्चित होगी।

Previous Post Next Post