जयपुर, 11 फरवरी 2026।
राजधानी जयपुर में शुद्ध आहार मिलावट पर वार अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अमूल ब्रांड के करीब 30 हजार किलो एक्सपायरी नॉन-डेयरी उत्पाद जब्त किए हैं। जब्त माल की अनुमानित कीमत करीब 6 करोड़ रुपए आंकी गई है।
कार्रवाई जयपुर द्वितीय क्षेत्र के खो नागोरियान स्थित मैसर्स एथलीट डिस्ट्रीब्यूटर के सी एंड एफ गोदाम पर की गई। यह कार्रवाई 181 पोर्टल पर प्राप्त शिकायत के आधार पर की गई। सीएमएचओ जयपुर द्वितीय डॉ. मनीष मित्तल के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा टीम ने मौके पर छापा मारकर अमूल ब्रांड के नूडल्स, टोमैटो केचअप, मयोनीज, एनर्जी ड्रिंक सहित अन्य उत्पादों के लगभग 3000 कार्टून एक्सपायरी पाए।
जांच के दौरान सामने आया कि इनमें से करीब 1000 कार्टून पर निर्माण और समाप्ति तिथि के निशान मिटाए जा चुके थे। आरोप है कि फर्म मालिक गगन आहूजा थिनर और एसीटोन जैसे केमिकल की मदद से पैकेटों की पुरानी एक्सपायरी डेट हटाकर नई तारीख प्रिंट कर बाजार में सप्लाई करने की तैयारी कर रहा था।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि कंपनी द्वारा एक्सपायरी माल वापस लेने से मना किए जाने के बाद उसने यू-ट्यूब के माध्यम से डेट बदलने का तरीका सीखा। जांच में यह भी सामने आया कि संबंधित फर्म का फूड लाइसेंस भी एक्सपायर हो चुका था।
खाद्य सुरक्षा टीम ने मौके पर पूरा एक्सपायरी माल सीज कर दिया है। माल को नगर निगम के डंपिंग यार्ड में नष्ट करवाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही नूडल्स, टोमैटो केचअप और सॉस के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत फर्म के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। कंपनी के नॉमिनी को जयपुर बुलाया गया है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार अग्रिम आदेशों तक फर्म के खाद्य कारोबार पर रोक लगाते हुए गोदाम परिसर को सील कर दिया गया है।
कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुशील चोटवानी, विनोद थारवान, रमेश यादव, राजेश नागर, नंद किशोर कुमावत, अवधेश गुप्ता सहित प्रोबेशनरी खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम शामिल रही।
यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा विभाग की मिलावट और उपभोक्ता हितों के खिलाफ चल रही सख्त मुहिम का हिस्सा है।



