जयपुर, 17 फरवरी। राजस्थान सरकार के कौशल, रोजगार एवं उद्यमिता विभाग की वार्षिक कार्ययोजना वर्ष 2025-26 के तहत उप-प्रादेशिक रोजगार कार्यालय, जयपुर द्वारा मंगलवार को भूषण आईटीआई, सिरसी मोड़, जयपुर परिसर में एक दिवसीय कैंपस प्लेसमेंट शिविर का आयोजन किया गया।
उप-निदेशक नवरेखा ने बताया कि शिविर में लगभग 867 रोजगार अभ्यर्थियों ने भाग लिया। विभिन्न ट्रेड्स जैसे इलेक्ट्रिशियन, फिटर, मैकेनिक डीजल, मैकेनिक आर एंड एसी, एमएससी, वेल्डर, ट्रैक्टर मैकेनिक, इंस्ट्रूमेंट मैकेनिक आदि से संबंधित 23 निजी कंपनियों ने साक्षात्कार लिए। साक्षात्कार के उपरांत 378 अभ्यर्थियों का प्रारंभिक चयन किया गया, जबकि 6 अभ्यर्थियों का प्रशिक्षण हेतु चयन किया गया। इस प्रकार कुल 384 अभ्यर्थियों को रोजगार के अवसर प्राप्त हुए।
शिविर के अवसर पर उप-निदेशक नवरेखा, कनिष्ठ रोजगार अधिकारी चंद्र प्रकाश मीणा, भूषण आईटीआई के निदेशक एन. के. सोनी तथा राजस्थान कौशल एवं आजीविका विकास निगम के जिला कौशल समन्वयक राघवेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
उप-निदेशक नवरेखा ने अपने संबोधन में युवाओं का स्वागत करते हुए रोजगार, स्वरोजगार, प्रशिक्षण एवं प्रगतिशील करियर से संबंधित मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि वर्तमान समय में रोजगार के विविध अवसर उपलब्ध हैं और युवाओं को निरंतर कौशल उन्नयन पर ध्यान देना चाहिए।
कनिष्ठ रोजगार अधिकारी चंद्र प्रकाश मीणा ने अभ्यर्थियों को एनसीएस पोर्टल के महत्व की जानकारी दी। वहीं राजस्थान कौशल एवं आजीविका विकास निगम के प्रतिनिधि ने कौशल विकास के माध्यम से युवाओं की रोजगार क्षमता बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि कौशल विकास के अंतर्गत डिजिटल साक्षरता, वित्तीय प्रबंधन, कोडिंग सहित सॉफ्ट स्किल्स जैसे टीमवर्क, समय प्रबंधन और संचार कौशल का प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाता है।
भूषण प्राइवेट आईटीआई के निदेशक एन. के. सोनी ने रोजगार शिविर के आयोजन को महत्वपूर्ण बताते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।
कार्यक्रम के अंत में चयनित अभ्यर्थियों को बधाई दी गई। शिविर के सफल आयोजन में चंद्रभान चारण, रजनी गोयल एवं योगिता वर्मा का विशेष सहयोग रहा।







