जयपुर
एसएमएस हॉकी स्टेडियम, जयपुर में खेल, संस्कृति और स्वदेशी परंपरा का उत्सव एमेच्योर सॉफ्ट हॉकी फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में आयोजित 5वीं सॉफ्ट हॉकी नेशनल चैंपियनशिप का चार दिवसीय आयोजन आज एसएमएस हॉकी स्टेडियम, जयपुर में उत्साह, खेल भावना और गरिमामय वातावरण के बीच भव्य रूप से सम्पन्न हुआ। समापन समारोह की शुरुआत राजस्थान बनाम महाराष्ट्र सीनियर बॉयज के रोमांचक मुकाबले से हुई, जिसके पश्चात विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी एवं पारितोषिक प्रदान किए गए।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. अरुण चतुर्वेदी, अध्यक्ष, वित्त आयोग राजस्थान उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में श्रीमती सुनैना प्रकाश, लीगल चेयरमेन, भारतीय ओलंपिक संघ एवं नेशनल चेयरमैन, एमेच्योर सॉफ्ट हॉकी लीग ऑफ इंडिया मौजूद रहीं।
फेडरेशन की ओर से डॉ. आशुतोष पंत (राष्ट्रीय अध्यक्ष), डॉ. आदित्य नाग (राष्ट्रीय प्रभारी), जी.एस. राठौर (वरिष्ठ उपाध्यक्ष), श्रीमती शिखा पंत (राष्ट्रीय महासचिव) एवं श्री रमेश सिंह मंचासीन रहे।
डॉ. आशुतोष पंत ने अपने संबोधन में बताया कि सॉफ्ट हॉकी का संगठनात्मक विस्तार देश के 20 से अधिक राज्यों में हो चुका है तथा “हर घर हॉकी” अभियान के अंतर्गत वंचित वर्ग के बच्चों को निःशुल्क हॉकी स्टिक वितरित की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि इस चैंपियनशिप में 12 से अधिक राज्यों की टीमों ने भाग लिया।
मुख्य अतिथि डॉ. अरुण चतुर्वेदी ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन राष्ट्रीय एकता, अनुशासन और खेल संस्कृति को सुदृढ़ करते हैं।
श्रीमती सुनैना प्रकाश ने भविष्य में उत्तर प्रदेश में सॉफ्ट हॉकी लीग और दुबई में वर्ल्ड कप आयोजन की संभावनाओं पर प्रकाश डाला।
समापन अवसर पर डॉ. आदित्य नाग ने सॉफ्ट हॉकी को स्वदेशी खेल परंपरा का आधुनिक, सुरक्षित और वैज्ञानिक स्वरूप बताते हुए इसे नए भारत की खेल संस्कृति का प्रतीक बताया।
समारोह में विभिन्न राज्यों से आए कोच, रेफरी एवं ऑफिशियल्स को भी सम्मानित किया गया। टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों के लिए भोजन, आवास एवं अन्य सुविधाओं की उत्तम व्यवस्था की गई।
इस प्रकार 5वीं सॉफ्ट हॉकी नेशनल चैंपियनशिप खेल, संस्कृति और स्वदेशी मूल्यों के संगम के साथ सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई।

