जयपुर, 7 फरवरी:
जैन धर्म के छठे तीर्थंकर भगवान पदमप्रभू की भूमिगत से प्रकट अतिशयकारी प्रतिमा एवं विश्वविख्यात दिगम्बर जैन अतिशय क्षेत्र पदमपुरा (बाड़ा) में धार्मिक आयोजनों की श्रृंखला के अंतर्गत आज रविवार को पंचम पट्टाचार्य वात्सल्य वारिधि आचार्य वर्धमान सागर महाराज ससंघ (32 पिच्छीका) का भव्य मंगल प्रवेश होगा। इस अवसर पर पदमपुरा में गणिनी आर्यिका स्वस्तिभूषण माताजी ससंघ (3 पिच्छीका) के साथ भव्य मिलन भी संपन्न होगा।
क्षेत्र कमेटी अध्यक्ष एडवोकेट सुधीर कुमार जैन एवं मानद मंत्री एडवोकेट हेमन्त सोगानी ने बताया कि पंचम पट्टाचार्य वर्धमान सागर महाराज ससंघ निवाई से मंगल विहार करते हुए शिवदासपुरा पहुँचे, जहाँ उनका श्रद्धालुओं द्वारा भव्य स्वागत किया गया। बड़ी संख्या में समाजजन एवं श्रद्धालु इस मंगल प्रवेश में शामिल हुए।
उन्होंने बताया कि सोमवार, 9 फरवरी को अतिशय क्षेत्र पदमपुरा (बाड़ा) में साधना महोदधि अन्तर्मना आचार्य 108 प्रसन्न सागर महाराज ससंघ (16 पिच्छीका) का भी भव्य मंगल प्रवेश होगा। इसी दिन पदमपुरा में पंचम पट्टाचार्य वर्धमान सागर महाराज ससंघ, आचार्य प्रसन्न सागर महाराज ससंघ एवं गणिनी आर्यिका स्वस्तिभूषण माताजी ससंघ—तीनों दिगम्बर जैन संघों के कुल 51 संतों एवं आर्यिकाओं का ऐतिहासिक महा संगम होगा।
18 से 22 फरवरी तक पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव
दिगम्बर जैन अतिशय क्षेत्र पदमपुरा में आगामी 18 से 22 फरवरी तक नव निर्मित खडगासन चौबीसी की पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव एवं पद्मबल्लभ शिखर पर कलश व ध्वजारोहण महामहोत्सव का विशाल आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन पंचम पट्टाचार्य वर्धमान सागर महाराज ससंघ (32 पिच्छीका) एवं गणिनी आर्यिका 105 स्वस्तिभूषण माताजी ससंघ (3 पिच्छीका) के सानिध्य में संपन्न होगा।
प्रचार-प्रसार संयोजक सुरेश सबलावत ने बताया कि प्रतिष्ठाचार्य पं. हंसमुख जैन धरियावद के निर्देशन में आयोजित इस पांच दिवसीय महोत्सव की तैयारियों को लेकर भट्टारक जी की नसिया में बैठक आयोजित की गई, जिसमें तैयारियों की समीक्षा की गई।
मुख्य संयोजक राज कुमार कोठ्यारी ने बताया कि 18 फरवरी को ध्वजारोहण एवं गर्भ कल्याणक के साथ महोत्सव का शुभारंभ होगा। 19 फरवरी को जन्म कल्याणक, 20 फरवरी को तप कल्याणक, 21 फरवरी को केवल ज्ञान कल्याणक तथा 22 फरवरी को मोक्ष कल्याणक के साथ महोत्सव का समापन होगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जयपुर शहर की विभिन्न कॉलोनियों से बसों की व्यवस्था की जाएगी।
पोस्टर का विमोचन
इस अवसर पर पंचम पट्टाचार्य वर्धमान सागर महाराज ससंघ के पदमपुरा में मंगल प्रवेश एवं पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव के बहुरंगीय पोस्टर का विमोचन किया गया। कार्यक्रम में एडवोकेट सुधीर जैन (दौसा), एडवोकेट हेमन्त सोगानी, ज्ञानचंद झांझरी, राज कुमार कोठ्यारी, सुरेश काला, जे.एम. जैन, सुरेश सबलावत, ज्ञानचंद सोगानी, प्रदीप जैन, नरेन्द्र पाण्डया, राकेश सेठी, विनोद जैन (कोटखावदा), अशोक छाबड़ा, पदमचंद बिलाला, धनकुमार जैन, मनीष बैद, राकेश गोदिका, राजा बाबू गोधा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
