जयपुर।
फाल्गुन माह के शुभारंभ की पूर्व संध्या पर माघी पूर्णिमा के पावन अवसर पर पुरानी बस्ती स्थित ठिकाना मंदिर ठिकाना श्री राधा गोपीनाथ जी महाराज का 523वां पाटोत्सव रविवार को श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ भव्य रूप से संपन्न हुआ।
मंदिर महंत सिद्धार्थ गोस्वामी ने बताया कि पाटोत्सव के अवसर पर प्रातः तिथि पूजा के पश्चात ठाकुर जी का पंचामृत अभिषेक किया गया। अभिषेक में 101 किलो दूध, 51 किलो दही, चंदन, गंगाजल एवं गुलाब जल का उपयोग किया गया। अभिषेक उपरांत ठाकुर जी को गुजरात के सूरत से विशेष रूप से तैयार करवाई गई नवीन एवं आकर्षक पीत पोशाक धारण कराई गई।
पाटोत्सव के दौरान प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक भजन-कीर्तन एवं फाग के भजनों का आयोजन हुआ, जिसमें जयपुर के सुप्रसिद्ध भजन गायकों ने सुमधुर प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर किया। बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
सायंकाल मंदिर परिसर में भव्य छप्पन भोग की झांकी सजाई गई, जो भक्तों के आकर्षण का केंद्र रही। कार्यक्रम के अंत में ठाकुर जी के प्रसाद का वितरण किया गया।
पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर “जय श्री राधे” और “राधा गोपीनाथ महाराज की जय” के जयघोष से गूंजता रहा और वातावरण भक्तिमय व आध्यात्मिक आनंद से परिपूर्ण हो गया।