यूजीसी रोलबैक के नारे के साथ 8 मार्च को दिल्ली में महाआंदोलन की घोषणा प्रधानमंत्री की अजमेर यात्रा के दौरान विरोध की चेतावनी

 


जयपुर। सवर्ण समाज समन्वय समिति (S-4) के बैनर तले एक दर्जन से अधिक सामाजिक संगठनों ने सोमवार को प्रेस वार्ता कर प्रस्तावित यूजीसी नीति के विरोध में 8 मार्च को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में देशव्यापी महाआंदोलन की घोषणा की। आयोजकों ने देश-प्रदेश से बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी का दावा किया है।

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए संत स्वामी आनंद स्वरूप ने कहा कि प्रस्तावित यूजीसी कानून को लेकर विभिन्न वर्गों में असंतोष व्याप्त है। उन्होंने बताया कि 13 जनवरी से देशभर में विरोध दर्ज कराया जा रहा है और सरकार से पुनर्विचार की मांग की जा रही है। उनका कहना था कि अब तक सकारात्मक पहल नहीं होने के कारण आंदोलन का निर्णय लिया गया है। उन्होंने सरकार से संवाद स्थापित कर विवादित प्रावधानों को वापस लेने की अपील की।

बच्चों के भविष्य का सवाल – कौशिक

इस अवसर पर राष्ट्रीय हिंदू महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय कौशिक ने कहा कि यह मुद्दा युवाओं के भविष्य से जुड़ा है, इसलिए समाज चुप नहीं बैठ सकता। उन्होंने कहा कि विभिन्न संगठन लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखेंगे और देशभर से लोगों से आंदोलन में शामिल होने का आह्वान किया।

पीएम की अजमेर यात्रा पर विरोध की चेतावनी

श्री राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष महिपाल मकराना ने कहा कि यूजीसी कानून के विरोध में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अजमेर यात्रा के दौरान विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने काले झंडे दिखाने की चेतावनी देते हुए कानून को विभाजनकारी बताते हुए इसे वापस लेने की मांग की।

कई संगठनों का समर्थन

प्रेस वार्ता में विभिन्न सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी आंदोलन को समर्थन देने की घोषणा की। आयोजकों के अनुसार, राजस्थान सहित कई राज्यों से लोग बसों, ट्रेनों और निजी वाहनों से दिल्ली पहुंचेंगे।

Previous Post Next Post