जयपुर। JECRC Foundation में आयोजित रेनेसाँ 2026 का प्रथम दिवस उत्साह, ऊर्जा और सांस्कृतिक वैभव के साथ भव्य रूप से संपन्न हुआ। प्रातः 9 बजे ए-ब्लॉक में हुए उद्घाटन समारोह ने पूरे परिसर को उत्सवमय बना दिया।
इस वर्ष रेनेसाँ की थीम “देसी पॉप” रही, जिसमें पारंपरिक लोक संस्कृति और आधुनिक इंडी पॉप का अनूठा संगम देखने को मिला। उद्घाटन अवसर पर राजस्थान की प्रसिद्ध कालबेलिया नृत्य प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया, वहीं बुलिट्स बैंड की ऊर्जावान प्रस्तुति ने इंडी पॉप की धुनों से माहौल को जीवंत बना दिया। ढोल-नगाड़ों की गूंज और विद्यार्थियों के उत्साहपूर्ण नृत्य ने कार्यक्रम में नई ऊर्जा भर दी।
लोक कला कार्यशालाओं में दिखी विरासत की झलक
प्रथम दिवस पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यशालाओं में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
मोलेला टेराकोटा सत्र में ललित जी ने पारंपरिक मिट्टी कला का अनुभव साझा किया।
राजस्थानी पगड़ी सत्र में मोहम्मद शकील साहब ने पीढ़ियों से चली आ रही विरासत की जानकारी दी।
रावणहत्था प्रस्तुति में मोहन जी, पवन जी और रामजी लाल जी ने लोक संगीत से वातावरण को सुरमय बनाया।
फड़ चित्रकला में पाबूजी राठौर और देव नारायण जी की जीवनगाथा चित्रों के माध्यम से दर्शाई गई।
कठपुतली मेकिंग सत्र में मनोज जी ने अपने पारंपरिक हुनर और अंतरराष्ट्रीय प्रस्तुतियों का अनुभव साझा किया।
इन सत्रों ने रेनेसाँ को सांस्कृतिक विरासत का जीवंत मंच बना दिया।
तकनीकी नवाचार का प्रदर्शन
कॉलेज के IEEE क्लब द्वारा आयोजित IEEE नेशनल प्रोजेक्ट एग्ज़ीबिशन में देशभर से आई टीमों ने भाग लिया। लुधियाना और मध्य प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों की टीमों ने हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर आधारित नवाचार प्रस्तुत किए।
एयर रेवोल्यूशनरीज, आरगोस और काइनेटिक्स जैसी परियोजनाएँ विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं, जिनमें सेंसर आधारित हैंड वर्किंग सिस्टम का प्रदर्शन किया गया। इस प्रदर्शनी ने विद्यार्थियों की तकनीकी दक्षता और रचनात्मक सोच को उजागर किया।
अतरंगी चौक बना आकर्षण का केंद्र
तीन दिवसीय अतरंगी चौक का शुभारंभ भी प्रथम दिवस से हुआ। अतरंगी क्लब के सदस्यों ने हस्तनिर्मित वस्तुएँ—की-चेन, फ्रिज मैग्नेट, बुकमार्क्स, ईयररिंग्स और ब्रेसलेट्स—प्रदर्शित और विक्रय हेतु रखीं। रंग-बिरंगी कलाकृतियों ने आगंतुकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया।
प्रतियोगिताओं का रोमांच
दिनभर आयोजित प्रतियोगिताओं में सिचुएशनल क्यू, फिल्म फ्लिक, बीट द बीट्स, 3-डी मेनिया, टेकप्रोब, स्प्रिंट, प्रोग्रामर्स प्लेग्राउंड, गली क्रिकेट, स्टेज प्ले, टग ऑफ वॉर, चेस, लैन गेमिंग, रोबो वॉर और नेशनल प्रोजेक्ट एक्सपो प्रमुख रहे।
फिल्म फ्लिक में शॉर्ट फिल्मों के माध्यम से रचनात्मकता दिखाई गई।
रोबो वॉर में तकनीक और रणनीति का रोमांचक प्रदर्शन हुआ।
प्रोग्रामर्स प्लेग्राउंड और लैन गेमिंग ने टेक प्रेमियों के बीच प्रतिस्पर्धा का माहौल बनाया।
खेल प्रतियोगिताओं ने जोश और खेलभावना को बढ़ावा दिया।
संगीत प्रतियोगिता रॉकाथॉन के निर्णायक प्रसिद्ध गायक जयेश शर्मा और आर्यन शर्मा रहे, जबकि डीजे वॉर में डीजे आर.आई.बी ने निर्णायक की भूमिका निभाई।
इस प्रकार रेनेसाँ 2026 का प्रथम दिवस संस्कृति, नवाचार और प्रतिस्पर्धा के अद्भुत संगम के साथ अविस्मरणीय रहा।


