जयपुर। कलमकार मंच के तत्वावधान में राजस्थान चेम्बर ऑफ कॉमर्स के सभागार में सुप्रसिद्ध चित्रकार चंद्रप्रकाश गुप्ता की पुस्तक “शौर्य और शहादत को सलाम” का गरिमामय लोकार्पण किया गया। यह आयोजन केवल पुस्तक विमोचन नहीं, बल्कि देश के अमर शहीदों के प्रति श्रद्धा, कृतज्ञता और स्मृति का भावपूर्ण आयोजन बन गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने कहा कि शहीदों के चित्र बनाकर उन्हें उनके परिजनों को भेंट करना चंद्रप्रकाश गुप्ता का अत्यंत संवेदनशील और अनुकरणीय कार्य है। उन्होंने कहा कि उपभोक्तावादी दौर में, जब स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों की स्मृतियां धुंधली होती जा रही हैं, ऐसे समय में यह रचनात्मक कर्म अत्यंत महत्वपूर्ण है। बिना किसी लोभ-लालच के दशकों से किया जा रहा यह कार्य समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक विपिन कुमार पांडे ने कहा कि शहीदों के परिजनों को आर्थिक सहायता से अधिक सम्मान और संवेदनशील स्मरण की आवश्यकता होती है। उन्होंने बताया कि चंद्रप्रकाश गुप्ता पिछले 27 वर्षों से इसी भाव के साथ कार्य कर रहे हैं। उन्होंने चित्रकार के विनम्र स्वभाव और गांधीजी के स्केच सहित उनकी कला को देश-विदेश में सराहे जाने की बात भी कही।
वरिष्ठ पत्रकार जगदीश शर्मा ने कहा कि पुस्तक में प्रस्तुत व्यक्ति-चित्र केवल कलात्मक अभिव्यक्ति नहीं, बल्कि शहीदों के साहस और उनके परिवारों के त्याग के प्रति मौन नमन हैं। उन्होंने कहा कि यह पुस्तक स्मृति, सम्मान और संकल्प का संगम है, जो हमें स्वतंत्रता की कीमत का अहसास कराती है।
वरिष्ठ पत्रकार विनोद भारद्वाज ने कहा कि कारगिल युद्ध के बाद चंद्रप्रकाश गुप्ता ने शहीदों को श्रद्धांजलि देने को अपने जीवन का उद्देश्य बना लिया, जो अपने आप में दुर्लभ उदाहरण है। पुस्तक में शहीद परिवारों से जुड़े भावनात्मक संस्मरणों के साथ उन सहयोगियों का भी उल्लेख है, जिन्होंने इस राष्ट्रीय अभियान को समर्थन दिया।
कार्यक्रम में कलमकार मंच के राष्ट्रीय संयोजक निशांत मिश्रा ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर शहीदों के परिजनों को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन नवल पाण्डेय ने किया।
