भौमवती अमावस्या पर उमड़ी आस्था, गोशालाओं में सेवा और मंदिरों में विशेष आयोजन

 


जयपुर, 18 फरवरी।

भौमवती अमावस्या के अवसर पर राजधानी जयपुर में श्रद्धा और भक्ति का विशेष वातावरण देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने सुबह से ही पितरों की शांति के लिए हवन-तर्पण कर दान-पुण्य किया और मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना की।

शहर के प्रमुख मंदिरों में आकर्षक झांकियां सजाई गईं। भजन-कीर्तन और संकीर्तन के साथ श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की। महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में धार्मिक गीत गाते हुए आयोजन में भाग लिया।

इस अवसर पर विभिन्न गोशालाओं में सेवा कार्य भी किए गए। सेवाभावी संगठनों और श्रद्धालुओं ने गायों को हरा चारा, गुड़ और फल खिलाए। कई स्थानों पर सामूहिक रूप से गौ-पूजन कर पर्यावरण संरक्षण और गौसेवा का संदेश दिया गया।

धार्मिक संगठनों के पदाधिकारियों ने बताया कि भौमवती अमावस्या का विशेष महत्व है। इस दिन दान-पुण्य और सेवा कार्य करने से आध्यात्मिक लाभ की प्राप्ति होती है।

दिनभर चले धार्मिक आयोजनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और शहर में भक्तिमय माहौल बना रहा।

Previous Post Next Post