जैन धर्मावलंबियों ने मनाया भगवान आदिनाथ का ज्ञान कल्याणक एवं भगवान श्रेयांसनाथ का जन्म-तप कल्याणक

 


जयपुर 

फाल्गुन वदि एकादशी के पावन अवसर पर जैन धर्म के प्रवर्तक एवं प्रथम तीर्थंकर भगवान आदिनाथ का ज्ञान कल्याणक तथा ग्यारहवें तीर्थंकर भगवान श्रेयांसनाथ का जन्म एवं तप कल्याणक दिवस शुक्रवार को जयपुर सहित विभिन्न दिगम्बर जैन मंदिरों में श्रद्धा और भक्ति भाव से मनाया गया।

इस अवसर पर शहर के प्रमुख दिगम्बर जैन मंदिरों में अभिषेक, शांतिधारा, अष्टद्रव्य पूजन एवं महाआरती सहित विशेष धार्मिक आयोजन संपन्न हुए।

ज्ञान कल्याणक पर विशेष अर्घ्य अर्पित

अभादिजैन परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष विनोद जैन ‘कोटखावदा’ ने बताया कि प्रातःकाल भगवान आदिनाथ एवं भगवान श्रेयांसनाथ का अभिषेक कर विश्व में सुख-शांति और समृद्धि की कामना के साथ शांतिधारा की गई।

पूजन के दौरान मंत्रोच्चार के साथ भगवान आदिनाथ का ज्ञान कल्याणक श्लोक —

“फाल्गुन वदि एकादशी उपज्यो केवल ज्ञान।

इन्द्र आय पूजा करी, मैं पूजों इह थान।”

— बोलकर ज्ञान कल्याणक अर्घ्य अर्पित किया गया।

इसी प्रकार भगवान श्रेयांसनाथ के जन्म एवं तप कल्याणक पर सामूहिक रूप से श्लोकों का उच्चारण करते हुए अर्घ्य चढ़ाया गया। महाआरती के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

शांतिनाथ जी की खोह में विशेष आयोजन

शांतिनाथ जी की खोह स्थित श्री शांतिनाथ दिगम्बर जैन अतिशय क्षेत्र में मुनि भक्त विनोद जैन कोटखावदा एवं कमल वैद के नेतृत्व में भगवान आदिनाथ का ज्ञान कल्याणक महोत्सव मनाया गया। यहां भूगर्भ से प्रकटित लगभग एक हजार वर्ष प्राचीन प्रतिमा का मंत्रोच्चार के साथ अभिषेक किया गया।

अष्टद्रव्य पूजन, शांतिधारा एवं महाआरती में सुमित जैन, दीपिका जैन कोटखावदा, मंजू वैद सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

प्रमुख मंदिरों में हुए आयोजन

जयसिंहपुरा खोर (दिल्ली रोड) स्थित श्री श्रेयांसनाथ दिगम्बर जैन मंदिर, आगरा रोड पर श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन अतिशय क्षेत्र चूलगिरी, सांगानेर के संघीजी मंदिर, तारों की कूट (सूर्य नगर) स्थित श्री शांतिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर सहित अन्य मंदिरों में भी विशेष पूजन-अर्चना के कार्यक्रम आयोजित किए गए।

वैशाली नगर स्थित श्री महावीर दिगम्बर जैन मंदिर में आचार्य सुन्दर सागर महाराज ससंघ एवं आचार्य शशांक सागर महाराज ससंघ के सान्निध्य में आयोजन हुए, वहीं श्री दिगम्बर जैन अतिशय क्षेत्र पदमपुरा में आचार्य वर्धमान सागर महाराज एवं गणिनी आर्यिका 105 स्वस्तिभूषण माताजी ससंघ के सान्निध्य में धार्मिक कार्यक्रम संपन्न हुए।

शनिवार को मनाया जाएगा भगवान मुनिसुव्रतनाथ का मोक्ष कल्याणक

विनोद जैन ‘कोटखावदा’ ने बताया कि शनिवार, 14 फरवरी को जैन धर्म के बीसवें तीर्थंकर भगवान मुनिसुव्रतनाथ का मोक्ष कल्याणक महोत्सव एवं निर्वाणोत्सव मनाया जाएगा। इस अवसर पर निर्वाण लाडू चढ़ाए जाएंगे।

महाल योजना स्थित श्री मुनिसुव्रतनाथ दिगम्बर जैन मंदिर में वार्षिक उत्सव भी मनाया जाएगा। प्रातः पूजन के बाद निर्वाण लाडू अर्पित कर भक्तामर स्तोत्र अनुष्ठान किया जाएगा।

कल्याण नगर स्थित मंदिर तथा वाटिका के नवग्रह दिगम्बर जैन मंदिर में भी मूलनायक भगवान मुनिसुव्रतनाथ का मोक्ष कल्याणक मनाकर विशेष अभिषेक एवं पूजन किया जाएगा।

16 फरवरी को भगवान वासूपूज्य का जन्म एवं तप कल्याणक

श्री जैन के अनुसार सोमवार, 16 फरवरी को जैन धर्म के बारहवें तीर्थंकर भगवान वासूपूज्य का जन्म एवं तप कल्याणक महोत्सव भी भक्ति भाव से मनाया जाएगा। इस अवसर पर दिगम्बर जैन मंदिरों में विशेष पूजन-अर्चना के आयोजन होंगे।

Previous Post Next Post