नई भर्ती की मांग को लेकर जलदाय कर्मचारियों का विशाल विरोध प्रदर्शन कर्मचारी नेता बाबूलाल शर्मा जलदाय इंटक में शामिल, कार्यकारी प्रदेशाध्यक्ष नियुक्त

 


जयपुर।

प्रान्तीय नल मजदूर यूनियन इंटक, जयपुर के आह्वान पर जलदाय विभाग के कर्मचारियों ने पानीपेच स्थित अधीक्षण अभियंता वृत्त उत्तर कार्यालय पर 16 सूत्रीय लंबित मांगों को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में हजारों की संख्या में जलदाय कर्मचारी शामिल हुए।

यह विरोध प्रदर्शन संघ के प्रदेशाध्यक्ष संजय सिंह शेखावत के निर्देशानुसार जिला अध्यक्ष ताराचंद सैनी, जिला उपाध्यक्ष रामनिवास सैनी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष रघुवीर सिंह शेखावत तथा विधि सलाहकार मुकेश कुमार माथुर के नेतृत्व में आयोजित किया गया। कर्मचारियों ने नई भर्ती, लीवरेज राशि में वृद्धि, पंप हाउस एवं राजकीय आवासों की मरम्मत, सुरक्षा कर्मियों की नियुक्ति सहित विभिन्न मांगों को लेकर अधीक्षण अभियंता एवं संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। अधिकारियों ने समस्याओं के समाधान के लिए 15 दिवस में कार्रवाई का आश्वासन दिया।


इस अवसर पर आयोजित आमसभा को राजस्थान इंटक के प्रदेशाध्यक्ष जगदीश राज श्रीमाली, जलदाय इंटक के संरक्षक जगदीश प्रसाद शर्मा, रामाशंकर गुर्जर एवं सलाहकार केदार शर्मा ने संबोधित किया। वक्ताओं ने कहा कि विभाग में पिछले 33 वर्षों से तकनीकी कर्मचारियों की भर्ती नहीं होने के कारण कार्यभार अत्यधिक बढ़ गया है। यदि शीघ्र भर्ती प्रक्रिया शुरू नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।



सभा के दौरान 15 वर्षों बाद कर्मचारी नेता बाबूलाल शर्मा, बनवारी लाल सैनी, लालचंद शर्मा, अशोक सैन सहित सैकड़ों कर्मचारियों ने पुनः जलदाय इंटक की सदस्यता ग्रहण की।

राजस्थान इंटक के प्रदेशाध्यक्ष जगदीश राज श्रीमाली के निर्देशानुसार जलदाय इंटक के प्रदेशाध्यक्ष संजय सिंह शेखावत ने बाबूलाल शर्मा को जलदाय इंटक का कार्यकारी प्रदेशाध्यक्ष नियुक्त किया।

नवनियुक्त कार्यकारी प्रदेशाध्यक्ष बाबूलाल शर्मा ने आश्वस्त किया कि वे संगठन को और अधिक सशक्त बनाते हुए नई भर्ती सहित कर्मचारियों की सभी समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाएंगे।

Previous Post Next Post