जयपुर।
राजस्थान की रंगमंचीय गतिविधियों में एक महत्वपूर्ण प्रस्तुति के रूप में नाटक “दो अकेली” का सफल मंचन 6 फरवरी 2026 को राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर, जयपुर में किया गया। नाटक ने समकालीन समाज में स्त्री के अकेलेपन, उसकी संवेदनाओं और आंतरिक संघर्षों को गहराई से प्रस्तुत करते हुए दर्शकों को भावनात्मक रूप से जोड़ दिया।
नाटक में संगीता गेरा, रुचि भार्गव, अनिमेष आचार्य एवं पूर्वी मिश्रा ने अपने सशक्त और जीवंत अभिनय से मंच पर जान डाल दी। कलाकारों की भावपूर्ण प्रस्तुतियों ने मानवीय संबंधों में बढ़ती संवादहीनता और भीतर छिपे अकेलेपन को प्रभावशाली ढंग से उजागर किया।
मंच पार्श्व में राजू कुमार का संगीत संयोजन, विमल मीणा का प्रकाश संयोजन तथा आसिफ शेर अली खान की मंच सज्जा नाटक की संवेदनात्मक गहराई को और अधिक सशक्त बनाती नजर आई। पार्श्व मंच सहायक चिन्मय मदान की भूमिका भी उल्लेखनीय रही।
प्रसिद्ध रंगकर्मी बबीता मदान के निर्देशन में प्रस्तुत इस नाटक ने प्रतीकात्मक शैली के माध्यम से दर्शकों को सोचने पर मजबूर किया। नाटक के संवाद और दृश्य संयोजन ने समाज के यथार्थ को प्रभावी कलात्मक अभिव्यक्ति प्रदान की।
नाट्य प्रस्तुति के दौरान रंगमंच प्रेमियों, विद्यार्थियों तथा कला-संस्कृति में रुचि रखने वाले दर्शकों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। आयोजकों के अनुसार “दो अकेली” समाज के संवेदनशील पहलुओं को मंच के माध्यम से सामने लाने का एक सशक्त प्रयास है, जिसे दर्शकों की सराहना प्राप्त हुई।

