बजट में पर्यटन सेक्टर को बढ़ावा देने हेतु अनेक लाभदायक घोषणाएं



होटल फेडरेशन ऑफ़ राजस्थान के अध्यक्ष हुसैन खान एवं सचिव रणविजय सिंह ने राज्य सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट में पर्यटन क्षेत्र के लिए की गई घोषणाओं का स्वागत किया है।

उन्होंने बताया कि पर्यटन सेक्टर के लिए 5,000 करोड़ रुपये के इंफ्रास्ट्रक्चर एवं कैपेसिटी बिल्डिंग फंड का गठन अत्यंत महत्वपूर्ण कदम है। इससे प्रदेश में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

शेखावाटी से थार तक पर्यटन को मिलेगा बूस्ट

बजट में शेखावाटी की ऐतिहासिक हवेलियों को यूनेस्को की विश्व विरासत सूची में शामिल कराने के प्रयासों की घोषणा को ऐतिहासिक बताया गया। इसके साथ ही थार संस्कृति सर्किट के गठन से जैसलमेर एवं जोधपुर के पर्यटन स्थलों को विशेष लाभ मिलने की उम्मीद है।



संभाग स्तर पर लोक नृत्य उत्सवों के आयोजन से स्थानीय कला और संस्कृति को प्रोत्साहन मिलेगा।

पर्यटकों की सुरक्षा और उत्सव सज्जा पर विशेष ध्यान

पर्यटकों की सुरक्षा के लिए विशेष सहायता दल के गठन में महिलाओं को प्राथमिकता देते हुए 10 करोड़ रुपये का विशेष प्रावधान किया गया है। दीपावली, होली एवं अन्य प्रमुख त्योहारों पर विशेष सज्जा के लिए 13 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिससे विदेशी पर्यटकों की संख्या में वृद्धि की संभावना है।

नए एयरपोर्ट से डेस्टिनेशन वेडिंग को बढ़ावा

सीकर, झुंझुनू एवं भरतपुर क्षेत्र में नए एयरपोर्ट स्थापित करने के प्रयासों को धरातल पर उतारने से डेस्टिनेशन वेडिंग पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।

हेरिटेज संरक्षण एवं धार्मिक पर्यटन विकास के लिए भी विशेष प्रावधान किए गए हैं। खाटू श्याम जी, पुष्कर, नाथद्वारा, केशोरायपाटन तथा चित्तौड़गढ़ में हेरिटेज वॉक-वे के लिए बजट में विशेष प्रावधान किया गया है।

आमेर किले के विकास हेतु 50 करोड़

जयपुर स्थित आमेर किला एवं आसपास के क्षेत्र के विकास के लिए 50 करोड़ रुपये के विकास कार्य प्रस्तावित हैं।

साथ ही दौसा, बालोतरा, सलूंबर, नागौर एवं अजमेर में लोक देवताओं एवं वीर योद्धाओं के पैनोरमा निर्माण का प्रस्ताव भी शामिल है, जिससे राजस्थान की समृद्ध संस्कृति को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी।

होटल फेडरेशन ऑफ़ राजस्थान ने विश्वास जताया कि इन घोषणाओं से राज्य का पर्यटन उद्योग नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा और राजस्थान विश्व पर्यटन मानचित्र पर और अधिक सशक्त रूप से उभरेगा।


Previous Post Next Post