.
जयपुर (करधनी नगर)।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में रविवार, 1 फरवरी 2026 को करधनी नगर की हरनाथपुरा बस्ती में निवारू रोड स्थित यज्ञ पैराडाइज में विराट हिंदू सम्मेलन अत्यंत भव्यता एवं श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ। सम्मेलन श्री श्री 1008 विष्णु दास जी महाराज एवं श्री श्री 1008 परशुराम दास जी महाराज के सानिध्य में आयोजित किया गया।
सम्मेलन से पूर्व हरनाथपुरा बस्ती के दो अलग-अलग स्थानों से भव्य कलश यात्राएं निकाली गईं। पहली कलश यात्रा भारत माता चौक से रवाना हुई, जिसमें लाल-पीले वस्त्रों में सजी हजारों महिलाओं ने भारत माता की जय एवं जय श्रीराम के गगनभेदी जयकारों से पूरे क्षेत्र को सनातनमय बना दिया। “जात-पात की करो विदाई, हिंदू-हिंदू भाई-भाई” और “हर घर भगवा छा गया” जैसे भजनों पर महिलाएं नृत्य करती नजर आईं। इस यात्रा की शुरुआत समाजसेवी कन्हैया लाल प्रधान एवं अर्चना शर्मा ने गणेश मैरिज गार्डन से की। मार्ग में भारत माता चौक, बैदजी का चौराहा सहित अनेक स्थानों पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया।
दूसरी कलश यात्रा जी.एन. बाग से यात्रा प्रमुख अमरचंद जैन एवं बस्ती प्रमुख मालीराम यादव के नेतृत्व में जय श्रीराम के जयकारों के साथ निकाली गई। इस यात्रा का भी जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। निवारू रोड पर नाथजी मंदिर, एस.एन.जी. फ्लैट्स, नांदगांव, महादेव नगर एवं अशोक नगर से होकर दोनों यात्राओं का यज्ञ पैराडाइज में अलौकिक संगम हुआ, जिसने उपस्थित जनसमूह को सनातन संस्कृति का सजीव दर्शन कराया।
आयोजन स्थल पर पंडितों एवं विद्वानों द्वारा कलश यात्रा की आरती की गई। इसके पश्चात विष्णु दास जी महाराज एवं संघ की प्रांत संपर्क टोली के कमल किशोर मिश्रा द्वारा भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। संतों ने समाज की एकजुटता, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी अपनाने एवं कुटुंब प्रबोधन का संदेश दिया।
इस अवसर पर वर्ष 2005 के बाद विवाह करने वाले ऐसे 50 से अधिक दंपतियों, जिनके तीन या उससे अधिक संतान हैं, को स्मृति चिन्ह एवं दुपट्टा ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। इस नवाचार ने समाज में सकारात्मक एवं प्रेरणादायक संदेश दिया। कार्यक्रम के संयोजक प्रदीप सिंह भाटी, कन्हैया लाल प्रधान एवं अमरचंद जैन का भी सम्मान किया गया।
कार्यक्रम के अंत में सत्यनारायण प्रधान ने सभी संतों, सहयोगकर्ताओं एवं मातृशक्ति का आभार व्यक्त किया।



