जयपुर, 02 फरवरी।
श्री नवरत्न आश्रम सेवा समिति (श्री खोले के हनुमानजी), जयपुर की ओर से सर्दी के मौसम को देखते हुए सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को गर्म जर्सियों का वितरण किया गया।
समिति के संस्थापक ब्रह्मलीन पंडित श्री रघुनाथ जी के प्रेरणास्रोत प्रतिज्ञा के तहत यह सेवा कार्य लगातार किया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पी.ई.ई.ओ. रायपुर पंचायत एवं राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पी.ई.ई.ओ. भैंसों (अजीत) में कुल 1126 विद्यार्थियों को जर्सियां वितरित की गईं।
इस अवसर पर श्री नवरत्न आश्रम सेवा समिति के महामंत्री दुर्गादत्त शर्मा ने बताया कि सांगानेर तहसील की दो पंचायत समितियों में समिति द्वारा यह सेवा अभियान चलाया जा रहा है। कार्यक्रम में पंचायत समिति अध्यक्ष गिरीशालाल शर्मा, कोषाध्यक्ष मधु जाटव, समिति सदस्य अनीता डुडास सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
समिति ने जानकारी दी कि अब तक लगभग पांच हजार जर्सियों के वितरण का लक्ष्य तय किया गया है, और अन्य विद्यालयों में भी विद्यार्थियों की संख्या के अनुसार जर्सियों का वितरण लगातार जारी रहेगा।
सेवा भावना से किए जा रहे इस कार्य की विद्यालय प्रशासन एवं स्थानीय ग्रामीणों ने सराहना की।

