जयपुर, 04 फरवरी: जैन धर्म के छठे तीर्थंकर भगवान पदमप्रभू का मोक्ष कल्याणक दिवस आगामी गुरुवार, 5 फरवरी को भक्ति भाव से मनाया जाएगा। इस अवसर पर मोक्ष का प्रतीक निर्वाण लाडू दिगम्बर जैन मंदिरों में चढ़ाया जाएगा।
अभादिजैन परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष विनोद जैन 'कोटखावदा' ने बताया कि इस मौके पर प्रातः भगवान के अभिषेक, शांतिधारा के बाद पूजा अर्चना की जाएगी। पूजा के दौरान मोक्ष कल्याणक अर्घ्य अर्पित किया जाएगा और तत्पश्चात निर्वाण काण्ड भाषा का उच्चारण करते हुए मोक्ष का प्रतीक निर्वाण लाडू चढ़ाया जाएगा।
पदमपुरा (बाड़ा) स्थित दिगम्बर जैन अतिशय क्षेत्र में आचार्य गणिनी आर्यिका 105 स्वस्तिभूषण माताजी ससंघ के सान्निध्य में अध्यक्ष सुधीर जैन और मंत्री हेमन्त सोगाणी के नेतृत्व में आयोजन होंगे।
प्रातः 7:00 बजे: मूल नायक पद्मप्रभ भगवान का विशेष अभिषेक
8:15 बजे: निर्वाण लाडू का अर्पण
10:15 बजे: विशाल खड्गासन प्रतिमा का पंचामृत महामस्तकाभिषेक
नेवटा स्थित दिगम्बर जैन अतिशय क्षेत्र में श्री 1008 पद्मप्रभ भगवान का स्वर्ण कलश अभिषेक एवं शांतिधारा के पश्चात प्रातः 8:30 बजे निर्वाण लाडू चढ़ाया जाएगा।
अजमेर रोड पर स्थित डीसीएम दिगम्बर जैन मंदिर में आचार्य सुन्दर सागर महाराज ससंघ एवं आचार्य शशांक सागर मुनिराज ससंघ के सानिध्य में विशेष आयोजन होंगे।
इसके अलावा शहर के अन्य दिगम्बर जैन मंदिरों जैसे आगरा रोड स्थित श्री पार्श्वनाथ मंदिर, तारों की कूंट स्थित सूर्य नगर मंदिर, सेठी कालोनी मंदिर, सांगानेर संघीजी मंदिर में भी निर्वाणोत्सव भव्य रूप से मनाया जाएगा।
इस अवसर पर श्रद्धालु भगवान पदमप्रभू के जीवन और उनके मोक्ष कल्याणक की महिमा का स्मरण करते हुए भक्ति एवं उत्साह के साथ समारोह में भाग लेंगे।
.jpg)

