जयपुर, 8 फरवरी।
रोज सोसाइटी ऑफ राजस्थान की ओर से सिटी पार्क में आयोजित 51वें रोज शो–2026 ने शहरवासियों और पर्यटकों का दिल जीत लिया। गुलाबों की 500 से अधिक दुर्लभ और आकर्षक किस्मों की प्रदर्शनी ने पूरे सिटी पार्क को रंगों और खुशबू से भर दिया। शो के दौरान राजस्थानी लोक नृत्य सहित कई सांस्कृतिक और रचनात्मक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए, जो दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण रहे।
आवास मंडल अध्यक्ष देबाशीष पृष्टि ने मुख्य सचिव को सिटी पार्क का भ्रमण करवाते हुए मंडल द्वारा किए जा रहे विकास और सौंदर्यीकरण कार्यों की जानकारी दी। मुख्य सचिव ने सिटी पार्क की लैंडस्केपिंग और बागवानी की प्रशंसा करते हुए मंडल के प्रयासों को अनुकरणीय बताया।
गुलाबों की खुशबू से महका सिटी पार्क
रोज सोसाइटी ऑफ राजस्थान के अध्यक्ष पवन अरोड़ा ने गुलाब की विभिन्न किस्मों की जानकारी देते हुए इसके इतिहास पर प्रकाश डाला। साथ ही उन्होंने घोषणा की कि भविष्य में रोज शो का आयोजन पूरे राजस्थान स्तर पर किया जाएगा। इसके बाद आयोजित विभिन्न रोज प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले प्रतिभागियों में से विजेताओं को सम्मानित किया गया।
इसमें किंग ऑफ रोज का खिताब अर्जुन लाल को, क्वीन ऑफ रोज का सम्मान सचिव, जयपुर विकास प्राधिकरण को और प्रिंसेस ऑफ रोज का खिताब पीडब्ल्यूडी कोटा को प्रदान किया गया।
प्रदर्शनी में गुलाबों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। गुलाब देखने आए लोग फोटो, सेल्फी और रील बनाते नजर आए। गुनगुनी धूप में गुलाबों की खुशबू के बीच समय बिताना दर्शकों के लिए सुखद अनुभव रहा। शो में आमजन ने भी उन्नत किस्मों के गुलाब की कलम के साथ भागीदारी की, जिनमें से श्रेष्ठ किस्मों को सम्मानित किया गया।
इसके अलावा पेंटिंग प्रतियोगिता सहित कई अन्य रचनात्मक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनके विजेताओं को भी पुरस्कार प्रदान किए गए।
रोज शो में नगरीय विकास एवं आवासन विभाग के प्रमुख सचिव देबाशीष पृष्टि, जयपुर विकास प्राधिकरण के आयुक्त सिद्धार्थ महाजन, आरएफडीसी की प्रबंध निदेशक श्रुति भारद्वाज, विज्ञान एवं तकनीकी विभाग के सचिव वी. श्रवण कुमार, स्टेट इंटेलिजेंस ब्यूरो के संयुक्त निदेशक रमाकांत गुप्ता, आवासन मंडल के सचिव गोपाल सिंह, मुख्य अभियंता प्रथम अमित अग्रवाल, रोज सोसाइटी के जनरल सेक्रेटरी अनिल कुमार भार्गव, जूरी सदस्य एवं बड़ी संख्या में शहरवासी उपस्थित रहे।







