जयपुर। आगामी नगर निगम चुनावों से पहले अग्रवाल समाज ने राजनीतिक दलों से उचित प्रतिनिधित्व की मांग उठाई है। महाराजा अग्रसेन प्रादेशिक महासभा की ओर से आयोजित कार्यक्रम में समाज के पदाधिकारियों ने जयपुर नगर निगम चुनाव में अग्रवाल समाज को कम से कम 20 टिकट देने की मांग रखी।
कार्यक्रम में राजस्थान की उपमुख्यमंत्री Diya Kumari मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महासभा के प्रदेशाध्यक्ष राधेश्याम अग्रवाल ने कहा कि जयपुर शहर में अग्रवाल समाज की बड़ी आबादी है और समाज के लोग लंबे समय से व्यापार, उद्योग और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं, लेकिन राजनीति में समाज को उसके अनुपात के अनुसार प्रतिनिधित्व नहीं मिल पाता।
महासभा के चेयरमैन नथमल बंसल ने कहा कि अग्रवाल समाज हमेशा से शहर की आर्थिक गतिविधियों और सामाजिक कार्यों में अग्रणी रहा है। ऐसे में राजनीतिक दलों को समाज की भागीदारी सुनिश्चित करते हुए पर्याप्त टिकट देने चाहिए।
प्रदेश महामंत्री सीए संजय गुप्ता ने कहा कि जयपुर के कई वार्डों में अग्रवाल समाज का प्रभाव है। खासतौर पर विद्याधर नगर क्षेत्र में समाज की संख्या अधिक होने के कारण वहां से कम से कम 6 टिकट अग्रवाल समाज को दिए जाने चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान हाल ही में संपन्न हुए चुनाव में विजयी हुए समाज के पदाधिकारियों का स्वागत और अभिनंदन भी किया गया।
इस मौके पर प्रदेश कोषाध्यक्ष राजेन्द्र अग्रवाल, मुख्य संयोजक पंकज गोयल और सह संयोजक संजय सिरसिला सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। समाज के प्रतिनिधियों ने मीडिया के माध्यम से सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि नगर निगम चुनाव में स्वच्छ छवि और जनसेवा के लिए समर्पित अग्रवाल समाज के उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाए, ताकि नगर निगम में समाज की आवाज प्रभावी ढंग से उठ सके।



