गौ नंदी धाम में “गाय हमारी माता है” फागोत्सव-2026 सम्पन्न, गौ-संरक्षण का दिया संदेश

 


जयपुर। टोंक रोड स्थित गौ नंदी धाम परिसर में सम्बल समर्थ सोसाइटी के तत्वावधान में रविवार को “गाय हमारी माता है, हमको कुछ नहीं आता है” फागोत्सव-2026 धार्मिक उल्लास और सामाजिक जागरूकता के संदेश के साथ सम्पन्न हुआ। आयोजन के माध्यम से गौ-संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान प्रदेश की प्रथम ऐसी गौशाला के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया, जिसका उद्देश्य सड़क पर विचरण कर रहे असहाय नंदी महाराज का संरक्षण, गौवंश को प्लास्टिक व कचरे से बचाना तथा पर्यावरण संतुलन को बढ़ावा देना है। आयोजकों ने बताया कि यह गौशाला पशु संरक्षण के साथ सामाजिक चेतना का भी केंद्र बनेगी।

समारोह में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, ग्रामीणों और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक फाग गायन से हुई, जिससे वातावरण भक्तिमय हो गया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने ठाकुर जी के समक्ष फूलों की होली खेलकर प्रेम और सद्भाव का संदेश दिया। आयोजन में कवि सम्मेलन, पारंपरिक फाग गायन, जैविक गुलाल से होली तथा गाय के गोबर से निर्मित बड़कुल की माला का वितरण विशेष आकर्षण रहा। राजस्थान के कवि-कवयित्रियों और राजस्थानी कलाकारों ने फाग गीतों पर रंगारंग प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया।

इस अवसर पर राज्य के कैबिनेट मंत्री जवाहर सिंह बैडम तथा गौ सेवा समिति के अंतरराष्ट्रीय संयोजक डॉ. अतुल गुप्ता सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। डॉ. अतुल गुप्ता ने कहा कि होली केवल रंगों का उत्सव नहीं, बल्कि सकारात्मक परिवर्तन और नए संकल्प लेने का पर्व है। उन्होंने गौ संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा और सामाजिक सेवा को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं के लिए प्रसादी और जलपान की व्यवस्था की गई। आयोजन के सफल संचालन में राहुल कामवार, सुमित कंदोई, अरविंद वर्मा, राम चौधरी, अशोक सैनी सहित सोसाइटी के सदस्यों का योगदान रहा। अमित यादव, अली हसन, वैभव निर्मल, भारत तोड़ी और अजय सिंह सहित समाजसेवियों व युवाओं की सक्रिय सहभागिता रही। अंत में डॉ. मोनिका गुप्ता ने सभी का आभार व्यक्त किया।

आयोजन ने धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक सरोकार, गौ-संरक्षण और पर्यावरण जागरूकता का प्रभावी संदेश दिया।

Previous Post Next Post