जयपुर। फैशन जगत से जुड़ी जानी-मानी शख्सियत नीरू शर्मा को प्रतिष्ठित ‘माही संदेश’ पत्रिका द्वारा आयोजित नारी शक्ति सम्मान 2026 के लिए मनोनीत किया गया है। नीरू शर्मा पिछले लंबे समय से फैशन इंडस्ट्री में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं और अपनी प्रतिभा के दम पर उन्होंने विशेष पहचान बनाई है।
29 मार्च को होगा भव्य ‘नारी शक्ति सम्मान समारोह 2026’
जयपुर में सीके बिड़ला हॉस्पिटल्स और ‘माही संदेश’ के संयुक्त तत्वावधान में आगामी रविवार, 29 मार्च 2026 को नारी शक्ति सम्मान समारोह 2026 एवं हेल्थ अवेयरनेस टॉक का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम सुबह 10:00 बजे से सीके बिड़ला हॉस्पिटल्स, जयपुर के एडमिन ब्लॉक में आयोजित होगा।
इस विशेष आयोजन में ‘माही संदेश’ एवं रघु सिन्हा माला माथुर चैरिटी ट्रस्ट के सहयोग से समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा। समारोह में राजस्थान सहित देश के 8 राज्यों से आई 36 प्रतिभावान महिलाओं को ‘प्रेमा माथुर प्रेरणा पुरस्कार’, ‘माला माथुर नारी शक्ति सम्मान’, ‘तारा देवी नारी शक्ति सम्मान’ तथा ‘एलिजाबेथ ज़रीन नारी शक्ति सम्मान 2026’ से नवाजा जाएगा।
कार्यक्रम की संपूर्ण रूपरेखा ‘माही संदेश’ के संरक्षक सुधीर माथुर एवं प्रधान संपादक रोहित कृष्ण नंदन के निर्देशन में तैयार की गई है।



