जयपुर/बुहाना। कांग्रेस संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए डॉ. उमराव सिंह यादव (एडवोकेट) को झुंझुनूं जिले का प्रभारी नियुक्त किया गया है। इस नियुक्ति के बाद कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
बुहाना निवासी और वर्तमान में जयपुर प्रवासी डॉ. यादव को यह जिम्मेदारी कांग्रेस के अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) विभाग में दी गई है। यह नियुक्ति एआईसीसी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देशन में प्रदेश कांग्रेस कमेटी ओबीसी के राजस्थान चेयरमैन हरसहाय यादव द्वारा प्रदान की गई।
डॉ. उमराव सिंह यादव लंबे समय से कांग्रेस संगठन से जुड़े हुए हैं और विभिन्न पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। वर्तमान में वे ओबीसी प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव के पद पर भी कार्यरत हैं। उनकी संगठन क्षमता, कर्तव्यनिष्ठा और सेवा भाव को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।
नियुक्ति के बाद क्षेत्र में खुशी का माहौल है। डॉ. यादव ने शीर्ष नेतृत्व—डॉ. अनिल जयहिंद एवं प्रदेशाध्यक्ष हरसहाय यादव का आभार जताया और कहा कि वे संगठन की नीतियों के प्रचार-प्रसार तथा पार्टी हित में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
इस मौके पर कई जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने डॉ. यादव को बधाई दी।
