दि टैक्स बार एसोसिएशन (रजि.) राजस्थान का शपथ ग्रहण समारोह एवं होली स्नेह मिलन सम्पन्न

 


जयपुर। दि टैक्स बार एसोसिएशन द्वारा नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह एवं होली स्नेह मिलन कार्यक्रम Hotel Park Prime में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेशभर से कर अधिवक्ता एवं गणमान्य अतिथियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में हरफूल सिंह यादव उपस्थित रहे। वहीं अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. दीवा मेहता तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में पराग सिंघल ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। सभी अतिथियों का पारंपरिक स्वागत किया गया।

इस अवसर पर संस्था के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों को विधिवत शपथ दिलाई गई। संस्था के अध्यक्ष डॉ. उमराव सिंह यादव, महासचिव डॉ. राम चन्द्र यादव, उपाध्यक्ष गणेश कुमार शर्मा, कोषाध्यक्ष डॉ. विष्णु भारद्वाज, संयुक्त सचिव बी.एल. जैन एवं पवन गौतम सहित अन्य पदाधिकारियों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की।


कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ अधिवक्ता शंकर पोद्दार द्वारा की गई, जबकि संचालन एडवोकेट तनुज अग्रवाल ने किया।

अपने स्वागत भाषण में अध्यक्ष डॉ. उमराव सिंह यादव ने कहा कि संस्था कर अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा एवं उनके व्यावसायिक कौशल के विकास के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।




मुख्य अतिथि हरफूल सिंह यादव ने कर अधिवक्ताओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि टैक्स प्रणाली के सुचारू क्रियान्वयन में अधिवक्ताओं एवं कर सलाहकारों का अहम योगदान रहता है। उन्होंने संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएँ दीं।



इस दौरान एडवोकेट तनुज अग्रवाल ने जीएसटी अपीलीय न्यायाधिकरण से संबंधित प्रावधानों, कानूनी पहलुओं एवं उसके व्यावहारिक महत्व पर विस्तृत जानकारी दी, जिसे उपस्थित अधिवक्ताओं ने उपयोगी बताया।

कार्यक्रम में राजस्थान हाईकोर्ट बार एसोसिएशन एवं दि बार एसोसिएशन जयपुर के पदाधिकारियों सहित अनेक गणमान्य अधिवक्ता उपस्थित रहे। अंत में सभी सदस्यों ने आपसी सौहार्द के साथ होली स्नेह मिलन में भाग लिया और एक-दूसरे को शुभकामनाएँ दीं।

अंत में महासचिव डॉ. राम चन्द्र यादव ने सभी अतिथियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।

Previous Post Next Post