जयपुर, 27 अप्रैल।
राजस्थान सरकार के मुख्यमंत्री जनसम्पर्क प्रकोष्ठ की ओर से ‘ग्राम-2026’ के प्रचार-प्रसार के लिए 15 दिवसीय ग्राम रथ अभियान का सोमवार को शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और राज्यसभा सांसद नितिन नवीन ने ओटीएस में आयोजित कार्यक्रम से ग्राम रथों को रवाना किया।
यह अभियान 23 से 25 मई तक जयपुर में आयोजित होने वाले ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट-2026 (ग्राम-2026) के प्रचार के लिए चलाया जा रहा है। ग्राम रथ प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों तक पहुंचकर न केवल ‘ग्राम-2026’ का प्रचार करेंगे, बल्कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी आमजन तक पहुंचाएंगे।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री द्वारा चलाई जा रही किसान सम्मान निधि, फसल बीमा, मृदा स्वास्थ्य कार्ड और एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर फंड जैसी योजनाओं से किसानों को लाभ मिल रहा है। राज्य सरकार ने भी किसान सम्मान निधि की राशि 6 हजार से बढ़ाकर 9 हजार रुपये की है, साथ ही 2.18 लाख से अधिक कृषि कनेक्शन दिए गए हैं और बिजली बिलों में 53 हजार करोड़ रुपये से अधिक का अनुदान दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनवरी-फरवरी में आयोजित ग्राम उत्थान शिविरों और राजस्थान दिवस पर शुरू किए गए विकसित ग्राम-वार्ड अभियान के माध्यम से वर्ष 2047 तक गांवों के समग्र विकास का मास्टर प्लान तैयार किया जा रहा है।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी, डॉ. प्रेमचंद बैरवा, सांसद मदन राठौड़, मंजू शर्मा, कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा, संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।




