जयपुर, 27 अप्रैल।
ग्रेट इंडियन ट्रैवल बाज़ार (जीआईटीबी) के 15वें संस्करण के दूसरे दिन सीतापुरा स्थित जयपुर एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर (जेईसीसी) में एग्जीबिशन का भव्य आगाज हुआ। राजस्थान की उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने रिबन काटकर एग्जीबिशन का उद्घाटन किया और विभिन्न स्टॉल्स का निरीक्षण किया।
इस दौरान भुवनेश कुमार, शुचि त्यागी, रुक्मणी रियार और डॉ. ज्योत्सना सूरी सहित कई गणमान्य मौजूद रहे। एग्जीबिशन में हेरिटेज, वेलनेस, स्पिरिचुअल, वाइल्डलाइफ और एक्सपीरियंस आधारित टूरिज्म से जुड़े उत्पादों और सेवाओं का प्रदर्शन किया जा रहा है।
उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि वैश्विक परिस्थितियों के बावजूद बड़ी संख्या में अंतरराष्ट्रीय प्रतिभागियों की मौजूदगी राजस्थान और भारत के पर्यटन की संभावनाओं को दर्शाती है। उन्होंने अनुभव-आधारित पर्यटन को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए कहा कि आज का पर्यटक संस्कृति, खानपान और जीवनशैली का वास्तविक अनुभव चाहता है।
जीआईटीबी-2026 में 50 से अधिक देशों के 195 से ज्यादा विदेशी टूर ऑपरेटर्स बायर के रूप में भाग ले रहे हैं। इस आयोजन में पर्यटन मंत्रालय, राजस्थान पर्यटन, विभिन्न राज्य पर्यटन बोर्ड्स, होटल्स, रिसॉर्ट्स और डेस्टिनेशन मैनेजमेंट कंपनियों (डीएमसी) की सक्रिय भागीदारी है। कार्यक्रम के दौरान 10 हजार से अधिक प्री-शेड्यूल्ड बी2बी मीटिंग्स आयोजित की जा रही हैं, जिससे पर्यटन व्यवसाय को बढ़ावा मिल रहा है।
एग्जीबिशन में राजस्थान, ओडिशा, मध्य प्रदेश, तमिलनाडु, गोवा, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़ और पंजाब सहित विभिन्न राज्यों ने अपने पर्यटन उत्पादों और सांस्कृतिक पहचान को प्रदर्शित किया। इसके साथ ही लग्जरी होटल चेन, एडवेंचर और वाइल्डलाइफ ऑपरेटर्स तथा ट्रैवल टेक कंपनियां भी अपने नवाचार पेश कर रही हैं।
ट्रैवल एंड टूरिज्म एक्सीलेंस अवॉर्ड्स का आयोजन
जेईसीसी में आयोजित ट्रैवल एंड टूरिज्म एक्सीलेंस अवॉर्ड्स 2026 में पर्यटन क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले संस्थानों और व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत अरविंद सिंह के संबोधन से हुई, जिसमें उन्होंने पर्यटन विकास में नीतियों और उनके प्रभावी क्रियान्वयन के महत्व पर जोर दिया।
अवॉर्ड्स में विभिन्न श्रेणियों में कुल 40 पुरस्कार प्रदान किए गए। प्रमुख विजेताओं में MakeMyTrip, TBO Tek Limited और Cordelia Cruises शामिल रहे। वहीं रामबाग पैलेस, सूर्यगढ़ जैसलमेर और ओबेरॉय उदय विलास जैसे प्रतिष्ठित होटल्स को भी सम्मानित किया गया।
राजस्थान श्रेणी में पर्यटन क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए कई संस्थानों और व्यक्तियों को पुरस्कार दिए गए। आयोजन में पर्यटन उद्योग से जुड़े विशेषज्ञों, टूर ऑपरेटर्स, होटल समूहों और निवेशकों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली, जिससे यह मंच नेटवर्किंग और नए व्यावसायिक अवसरों के लिए महत्वपूर्ण साबित हो रहा है।