जयपुर, 28 अप्रैल 2026:
Indo-American Chamber of Commerce (आईएसीसी) ने मंगलवार को The Lalit Jaipur में अपने राजस्थान चैप्टर का औपचारिक शुभारंभ किया। यह पहल राज्य स्तर पर भारत-अमेरिका के बीच आर्थिक संबंधों को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।
लॉन्च कार्यक्रम में राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं, जबकि जोनाथन हेमर गेस्ट ऑफ ऑनर रहे। इस दौरान दोनों ने राजस्थान की बढ़ती रणनीतिक और व्यावसायिक महत्ता पर जोर दिया।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि आईएसीसी ने अपनी स्थापना के बाद से ही भारत और अमेरिका के बीच व्यापार, निवेश और रणनीतिक साझेदारी को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि राजस्थान चैप्टर का गठन इस सहयोग को राज्य स्तर तक विस्तार देने का मजबूत कदम है।
दीया कुमारी ने कहा, “राजस्थान मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर और प्रगतिशील नीतियों के साथ तेजी से विकास के पथ पर अग्रसर है। ऐसे समय में आईएसीसी चैप्टर का लॉन्च ग्लोबल पार्टनरशिप और निवेश को गति देगा।”
उन्होंने आगे कहा कि यह चैप्टर ट्रेड और निवेश को आसान बनाने, विभिन्न सेक्टर्स के बीच सहयोग बढ़ाने, टेक्नोलॉजी पार्टनरशिप को प्रोत्साहित करने और स्टार्टअप्स व उद्यमियों को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएगा।
उपमुख्यमंत्री ने यह भी दोहराया कि राज्य सरकार एक पारदर्शी और निवेशक-अनुकूल माहौल तैयार करने के लिए प्रतिबद्ध है। “हम इसे केवल आर्थिक अवसर नहीं, बल्कि इनोवेशन, रोजगार सृजन और सतत विकास के नए रास्ते के रूप में देखते हैं,” उन्होंने कहा।
इस अवसर पर इंडस्ट्री से जुड़े कई प्रतिनिधि, उद्यमी और नीति विशेषज्ञ भी मौजूद रहे, जिन्होंने इस पहल को राजस्थान के लिए नए निवेश और अंतरराष्ट्रीय सहयोग के द्वार खोलने वाला कदम बताया।
Tags
Jaipur






