ऑल इंडिया यंग आर्टिस्ट्स एग्जीबिशन 2026 के पोस्टर का विमोचन संपन्न


 

जयपुर, 1 अप्रैल 2026। सुरेंद्र पाल जोशी कला स्मृति ट्रस्ट द्वारा आयोजित होने वाली ऑल इंडिया यंग आर्टिस्ट्स एग्जीबिशन 2026 (आयोजन तिथि: 12 जून 2026) के पोस्टर का विमोचन आज ट्रस्ट के मुख्य कार्यालय, मालवीय नगर, जयपुर में सम्पन्न हुआ।

यह प्रदर्शनी देशभर के 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग के युवा कलाकारों को एक राष्ट्रीय मंच प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है, जहाँ वे अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें और कला के क्षेत्र में अपनी पहचान स्थापित कर सकें।

पोस्टर विमोचन कार्यक्रम में जयपुर के वरिष्ठ एवं प्रतिष्ठित कलाकारों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर विनोद भारद्वाज, नाथू लाल वर्मा, अशोक गौड़, विनय शर्मा, शब्बीर हसन काज़ी, सन्नी सेबेस्टियन, अमित कल्ला, गौरी शंकर सोनी, मनीष शर्मा, महावीर भारती सहित अन्य कलाकारों ने पोस्टर का विमोचन किया।

इस अवसर पर आगामी प्रदर्शनी की योजना एवं व्यवस्थाओं को लेकर एक विचार-विमर्श सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें उपस्थित कलाकारों ने अपने महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए और आयोजन को और अधिक प्रभावी बनाने हेतु सहयोग प्रदान किया।

ट्रस्ट के सचिव मुकेश कुमार ज्वाला ने बताया कि स्व. कलाकार सुरेंद्र पाल जोशी की स्मृति में स्थापित इस ट्रस्ट का उद्देश्य कला एवं संस्कृति का संरक्षण एवं संवर्धन करना है। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शनी युवा कलाकारों को एक सशक्त मंच प्रदान करने का प्रयास है, जिससे वे अपनी प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित कर सकें।

वहीं ट्रस्ट की अध्यक्ष संगीता सुरेंद्र पाल जोशी ने कहा कि यह आयोजन केवल एक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि युवा कलाकारों के लिए एक प्रेरणादायक पहल है। उन्होंने सभी कलाकारों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग एवं मार्गदर्शन से यह आयोजन और अधिक सफल एवं सार्थक बनेगा।



उल्लेखनीय है कि इस प्रदर्शनी के लिए ऑनलाइन प्रविष्टियाँ 1 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक आमंत्रित की गई हैं। प्राप्त प्रविष्टियों के आधार पर प्रथम चरण में जूरी द्वारा चयन किया जाएगा, जिसमें ऑनलाइन प्राप्त कलाकृतियों का मूल्यांकन होगा। इसके बाद चयनित कलाकारों से उनकी मूल (ओरिजिनल) कलाकृतियाँ आमंत्रित की जाएंगी। द्वितीय चरण की जूरी में अंतिम चयन किया जाएगा तथा उत्कृष्ट कृतियों को पुरस्कृत किया जाएगा।

प्रदर्शनी में भाग लेने हेतु ₹100 का नाममात्र प्रवेश शुल्क निर्धारित किया गया है, जो आयोजन की व्यवस्थाओं में उपयोग किया जाएगा।

सुरेंद्र पाल जोशी कला स्मृति ट्रस्ट का उद्देश्य कला एवं संस्कृति के संवर्धन के साथ-साथ युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना तथा उन्हें एक सशक्त मंच उपलब्ध कराना है।

Previous Post Next Post