जयपुर। राजस्थान युवा कांग्रेस के आगामी चुनाव को लेकर प्रदेश में सियासी हलचल तेज हो गई है। प्रदेश अध्यक्ष पद के प्रमुख दावेदार पारस गुर्जर ने जयपुर स्थित गुर्जर की थड़ी पर आयोजित भव्य रैली को संबोधित किया। इस दौरान युवाओं की भारी भीड़ ने उन्हें खुला समर्थन देते हुए चुनावी बिगुल फूंक दिया।
कार्यक्रम स्थल पर सुबह से ही समर्थकों का जुटना शुरू हो गया था। पारस गुर्जर जैसे ही मंच पर पहुंचे, कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी कर उनका स्वागत किया। अपने संबोधन में उन्होंने संगठन में युवाओं की अनदेखी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि अब बदलाव की जरूरत है।
पारस गुर्जर ने कहा, “युवा कांग्रेस का नेतृत्व ऐसे व्यक्ति के हाथ में होना चाहिए जो जमीन से जुड़ा हो और कार्यकर्ताओं की आवाज को मजबूती से उठा सके। संगठन में नई ऊर्जा और पारदर्शिता लाना समय की मांग है।”
इस मौके पर उनके समर्थन में मौजूद युवाओं ने कहा कि पारस गुर्जर ने हमेशा कार्यकर्ताओं के हितों को प्राथमिकता दी है और वे युवा कांग्रेस के मजबूत चेहरे के रूप में उभरे हैं। सभा के दौरान “पारस गुर्जर जिंदाबाद” और “पारस है अध्यक्ष योग्य” जैसे नारों से माहौल गूंज उठा।
