राजस्थान विश्वविद्यालय में 21 से 25 अप्रैल तक होगा अखिल भारतीय अंतर-विश्वविद्यालय हैंडबॉल टूर्नामेंट, तैयारियों को लेकर अहम बैठक आयोजित

 


जयपुर: Rajasthan University में 21 से 25 अप्रैल 2026 तक आयोजित होने वाली अखिल भारतीय अंतर-विश्वविद्यालय हैंडबॉल प्रतियोगिता (पुरुष) 2025-26 की तैयारियों को लेकर बुधवार को विश्वविद्यालय के खेल मंडल भवन में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह प्रतियोगिता भारतीय विश्वविद्यालय संघ (AIU) के तत्वावधान में आयोजित की जाएगी।


बैठक कुलगुरु प्रो. अल्पना कटेजा के नेतृत्व में आयोजित की गई, जिसमें प्रतियोगिता के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान प्रतियोगिता के निदेशक, विधायक एवं सिंडिकेट सदस्य कुलदीप धनकड़ द्वारा आयोजन को सफल बनाने के लिए प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से लगातार मार्गदर्शन प्रदान किया जा रहा है।



बैठक में आयोजन समिति के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और सभी ने प्रतियोगिता के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं, संसाधनों और कार्ययोजना पर गंभीर विचार-विमर्श किया। साथ ही, आयोजन से जुड़े विभिन्न कार्यों के लिए जिम्मेदारियों का भी स्पष्ट रूप से निर्धारण किया गया।


बैठक की अध्यक्षता ओलंपियन (अर्जुन अवॉर्डी) गोपाल सैनी ने की। उनकी गरिमामयी उपस्थिति ने बैठक को प्रेरणादायी बनाया और आयोजन समिति के सदस्यों में उत्साह का संचार किया। इस अवसर पर शारीरिक शिक्षा विभाग के 7 सहायक निदेशक सहित अन्य समिति सदस्य भी मौजूद रहे।

बैठक के दौरान आयोजन समिति के सदस्यों द्वारा खेल मैदान का निरीक्षण भी किया गया, ताकि प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों को सभी आवश्यक सुविधाएं और बेहतर व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जा सकें। इसके साथ ही विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन भी किया गया।

आयोजन सचिव डॉ. प्रतिभा सिंह रतनू ने प्रतियोगिता की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए आयोजन से जुड़े विभिन्न पहलुओं—जैसे आवास, परिवहन, खेल व्यवस्थाएं, सुरक्षा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं—पर विस्तार से जानकारी दी।

इस अवसर पर सभी समिति सदस्यों ने एकजुट होकर प्रतियोगिता को राष्ट्रीय स्तर पर गरिमामय, सुव्यवस्थित और सफल बनाने का संकल्प लिया तथा पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

Previous Post Next Post