जयपुर में रूमेटिक रोगों पर जागरूकता के लिए 26 अप्रैल को वॉकाथॉन डॉक्टरों, मरीजों और आमजन की भागीदारी से होगा स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम

 


जयपुर, 23 अप्रैल।

रूमेटिक रोगों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से राजस्थान रूमेटोलॉजी एसोसिएशन (आरआरए) और इंडियन रूमेटोलॉजी एसोसिएशन (आईआरए) के संयुक्त तत्वावधान में 26 अप्रैल, रविवार को जयपुर में वॉकाथॉन का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम सुबह 7 बजे अल्बर्ट हॉल म्यूजियम से प्रारंभ होगा।

इस वॉकाथॉन में रूमेटिक बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के साथ-साथ शहर के वरिष्ठ चिकित्सक, मेडिकल स्टूडेंट्स और बड़ी संख्या में आम नागरिक भाग लेंगे। आयोजन का उद्देश्य न केवल लोगों को इन बीमारियों के प्रति जागरूक करना है, बल्कि समय पर जांच, सही उपचार और नियमित जीवनशैली के महत्व को भी रेखांकित करना है।


कार्यक्रम के तहत प्रतिभागियों को रूमेटिक रोगों के लक्षण, कारण और बचाव के उपायों की जानकारी भी दी जाएगी। विशेष रूप से रूमेटॉइड आर्थराइटिस, ल्यूपस, एंकायलोज़िंग स्पॉन्डिलाइटिस और अन्य ऑटोइम्यून बीमारियों पर फोकस किया जाएगा, जो समय पर पहचान न होने पर गंभीर रूप ले सकती हैं।

आरआरए के अध्यक्ष डॉ. अमित शर्मा ने बताया कि रूमेटिक रोग केवल बुजुर्गों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि युवाओं और महिलाओं में भी तेजी से देखने को मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि “यदि इन रोगों की शुरुआती अवस्था में पहचान हो जाए और उचित इलाज शुरू कर दिया जाए, तो मरीज सामान्य जीवन जी सकता है।” उन्होंने आमजन से इस जन-जागरूकता अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।





पूर्व अध्यक्ष डॉ. आराधना सिंह ने कहा कि जागरूकता की कमी के कारण कई मरीज समय पर इलाज नहीं करा पाते, जिससे रोग जटिल हो जाता है। ऐसे आयोजनों से लोगों में सही जानकारी पहुंचेगी और वे समय रहते चिकित्सकीय सलाह लेने के प्रति प्रेरित होंगे।

वॉकाथॉन में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागी सुबह 6:15 बजे से स्थल पर पंजीकरण कर सकेंगे। आयोजन को सफल बनाने में अंतरध्वनि संस्था का भी सहयोग रहेगा।

इस आयोजन के माध्यम से शहर में स्वास्थ्य के प्रति सजगता बढ़ाने और रूमेटिक रोगों को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करने का प्रयास किया जाएगा।

Previous Post Next Post