जयपुर, 23 अप्रैल।
विवेकानंद ग्लोबल यूनिवर्सिटी (वीजीयू) की छात्रा सुमन कुमावत ने ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी जू-जित्सु चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल कर विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया है। यह प्रतियोगिता 20 से 24 अप्रैल तक एलएनसीटी यूनिवर्सिटी, भोपाल में आयोजित की गई।
देशभर की विभिन्न यूनिवर्सिटीज के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के बीच सुमन कुमावत ने बेहतरीन खेल, दृढ़ संकल्प और उत्कृष्ट तकनीक का प्रदर्शन करते हुए यह उपलब्धि अपने नाम की। उनके इस प्रदर्शन से वीजीयू में खुशी का माहौल है।
इस उपलब्धि पर वीजीयू की स्पोर्ट्स मैनेजर डॉ. अनीता चौधरी सहित विश्वविद्यालय परिवार और शुभचिंतकों ने सुमन कुमावत को बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
सुमन कुमावत अब आगामी वर्ल्ड यूनिवर्सिटी गेम्स के लिए तैयारी कर रही हैं, जो 8 से 14 जून तक ब्राजील में आयोजित होंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन और साथियों ने उम्मीद जताई है कि सुमन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश और संस्थान का नाम रोशन करेंगी।
