मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ करेंगे हनुमान शोभायात्रा का शुभारंभ

 


जयपुर। हनुमंत शोभायात्रा समिति द्वारा आयोजित 40वीं भव्य हनुमान शोभायात्रा का शुभारंभ 3 अप्रैल 2026 को सायं 5:00 बजे रामलीला मैदान से मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ द्वारा आरती उतारकर किया जाएगा।

मुख्यमंत्री के आगमन पर जयपुर सांसद एवं समिति की मुख्य संरक्षक मंजु शर्मा, विधायक कालीचरण सराफ सहित समिति के पदाधिकारी एवं स्वागत समिति के सदस्य—राकेश राठी, एन. के. गुप्ता, हरिमोहन डंगायच, ओम माहेश्वरी एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उनका स्वागत करेंगे। इस अवसर पर जयपुर के प्रमुख बैंड वादक अपनी प्रस्तुतियों से माहौल को भक्तिमय बनाएंगे।

हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर आयोजित यह शोभायात्रा अपने 40वें वर्ष में प्रवेश कर रही है। रामलीला मैदान से रवाना होने के पश्चात शोभायात्रा सायं 6:00 बजे सांगानेरी गेट स्थित हनुमान मंदिर पहुंचेगी, जहां जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक आरती उतारकर स्वागत करेंगे।

रामलीला मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में जयपुर के प्रसिद्ध मंदिरों के संत, महात्मा एवं महामंडलेश्वर उपस्थित रहेंगे, जिनका मुख्यमंत्री द्वारा सम्मान किया जाएगा।


हनुमान महोत्सव के अंतर्गत इस बार बड़ी चौपड़ पर 2 एवं 3 अप्रैल को 12 फीट ऊंची हनुमान जी की भव्य प्रतिमा विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। शोभायात्रा में स्वर्ण मंडित रथ पर विराजमान हनुमान जी नगर भ्रमण करेंगे।

इलेक्ट्रॉनिक झांकियां इस बार शोभायात्रा का प्रमुख आकर्षण होंगी, जिनमें—12 फीट काले हनुमान, धनुषधारी राम, शिव पर जल अर्पित करते राम, उड़ते हुए हनुमान, वाल्मीकि के साथ लव-कुश, गणेश द्वारा शिव-पार्वती की परिक्रमा सहित अनेक धार्मिक दृश्य प्रस्तुत किए जाएंगे।




इसके अतिरिक्त नीम करौली बाबा, सालासर बालाजी, खोले के हनुमान, घाट के बालाजी, हरिसिंह भोमिया जी, पीपलदा हनुमान, चिंताहरण हनुमान सहित जयपुर के प्राचीन हनुमान मंदिरों के रथ भी शोभायात्रा में शामिल होंगे। कुल 35 रथों की झांकियां शहरवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

इस बार शोभायात्रा में पुरुषों के साथ बड़ी संख्या में महिलाएं भी भाग लेंगी। शहर को भगवा गुब्बारों एवं केसरिया पताकाओं से सजाया जाएगा।

शोभायात्रा रामलीला मैदान से प्रारंभ होकर सांगानेरी गेट, जौहरी बाजार, बड़ी चौपड़, त्रिपोलिया बाजार, छोटी चौपड़, किशनपोल बाजार, इंदिरा बाजार, खजाने वालों का रास्ता होते हुए चांदपोल स्थित हनुमान मंदिर पहुंचेगी। त्रिपोलिया गेट पर जयपुर राजपरिवार द्वारा शोभायात्रा का स्वागत किया जाएगा।

यात्रा मार्ग में लगभग 40 व्यापारिक एवं सामाजिक संगठन—हल्दियों का रास्ता व्यापार मंडल, किशनपोल बाजार, चांदपोल बाजार, त्रिपोलिया बाजार, खटीक समाज, मीणा समाज, वाल्मीकि समाज, सिख समाज, गुर्जर समाज आदि—स्थान-स्थान पर मंच बनाकर शोभायात्रा का भव्य स्वागत करेंगे।

शोभायात्रा मार्ग के सभी व्यापारियों एवं दुकानदारों को आमंत्रित किया गया है। व्यापारियों एवं आमजन में इस आयोजन को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है।

Previous Post Next Post