राजस्थान पुलिस स्थापना दिवस पर समाजसेवियों का सम्मान, उदयपुर की सिंधु बिनुजीत को मिलेगा राज्य स्तरीय सम्मान

 


जयपुर, 15 अप्रैल। राजस्थान पुलिस के 77वें स्थापना दिवस के अवसर पर राजस्थान पुलिस अकादमी जयपुर में आयोजित मुख्य समारोह में इस वर्ष समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले तीन नागरिकों को सम्मानित किया जाएगा। अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (कार्मिक) बीजू जॉर्ज जोसफ द्वारा जारी आदेश के अनुसार चयनित नागरिकों को मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।

राज्य स्तरीय सम्मान प्राप्त करने वालों में सिरोही जिले के समाजसेवी प्रकाश प्रजापति, झालावाड़ के आम नागरिक सुरजीत कश्यप तथा उदयपुर की संभाग स्तरीय बाल सुरक्षा सलाहकार सिंधु बिनुजीत शामिल हैं, जिन्होंने समाज सेवा के क्षेत्र में अनुकरणीय योगदान दिया है।

विशेष रिपोर्ट: बाल संरक्षण की मिसाल बनीं सिंधु बिनुजीत

उदयपुर की बाल संरक्षण सलाहकार सिंधु बिनुजीत को यह सम्मान मिलना राजस्थान पुलिस की बदलती कार्यशैली और संवेदनशील पुलिसिंग का प्रतीक माना जा रहा है। खासतौर पर बाल संरक्षण और महिला सुरक्षा जैसे मुद्दों पर उनका कार्य उल्लेखनीय रहा है।

डूंगरपुर से शुरू हुआ बदलाव का सफर

सिंधु बिनुजीत ने वर्ष 2010 में डूंगरपुर जिले में बी.टी. कॉटन क्षेत्रों में बाल श्रम और पलायन रोकने के लिए अभियान चलाकर पहचान बनाई। आदिवासी क्षेत्रों में कार्य करते हुए उन्होंने प्रशासन, पुलिस और UNICEF के बीच समन्वय स्थापित कर इस समस्या के समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाए।

‘बाल मित्र थाने’ और ‘वत्सल वार्ता’ की पहल

सिंधु ने पुलिस और बच्चों के बीच दूरी कम करने के लिए ‘वत्सल वार्ता’ जैसी पहल शुरू की, जिससे बच्चों का पुलिस के प्रति भय कम हुआ। उन्होंने पुलिस मित्र, ग्राम रक्षक और सुरक्षा सखियों को बाल संरक्षण के विषय में प्रशिक्षित किया। डूंगरपुर में ‘बाल मित्र पुलिस थाना’ और ‘सुरक्षित विद्यालय’ जैसे नवाचारों की शुरुआत भी उनके प्रयासों का हिस्सा रही।

राज्य स्तर पर मिली सराहना

सिंधु के कार्यों की सराहना उस समय भी हुई जब वर्ष 2015 में तत्कालीन मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने डूंगरपुर दौरे के दौरान इन नवाचारों को देखा। इससे प्रभावित होकर उन्होंने इस मॉडल को पूरे प्रदेश में लागू करने के निर्देश दिए। वर्तमान में यह पहल उदयपुर रेंज के विभिन्न जिलों में सफलतापूर्वक संचालित हो रही है।

लगातार मिलती रही पहचान

सिंधु बिनुजीत को वर्ष 2017 में भी राज्य सरकार और विभिन्न मीडिया संस्थानों द्वारा सम्मानित किया जा चुका है। उनके निरंतर प्रयासों और थाना स्तर पर ‘बाल मित्र वातावरण’ विकसित करने की पहल ने उन्हें इस बार के राज्य स्तरीय सम्मान का प्रबल दावेदार बनाया है।

Previous Post Next Post