जयपुर टाइगर फेस्टिवल की अनूठी पहल, सरकारी स्कूलों के मेधावी बच्चों को कराया जा रहा निशुल्क लेपर्ड सफारी भ्रमण

 


जयपुर, 15 अप्रैल 2026। वन एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति नई पीढ़ी को जागरूक करने के उद्देश्य से जयपुर टाइगर फेस्टिवल द्वारा एक सराहनीय पहल की गई है। इस पहल के तहत सरकारी विद्यालयों के मेधावी विद्यार्थियों को झालाना लेपर्ड सफारी का निशुल्क भ्रमण कराया जा रहा है।



फेस्टिवल के सचिव आनंद अग्रवाल ने बताया कि इस अभियान में 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा में 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को शामिल किया गया है। कार्यक्रम के तहत हर बुधवार को शहर के एक राजकीय विद्यालय के चयनित विद्यार्थियों को जंगल भ्रमण के लिए ले जाया जाएगा, जहां उन्हें वन, वन्यजीव, वनस्पतियों और पर्यावरण के बारे में विस्तृत जानकारी दी जाएगी।



इसी क्रम में बुधवार को झालाना लेपर्ड सफारी में आयोजित भ्रमण कार्यक्रम के दौरान फॉरेस्टर राजकिशोर योगी और रेंजर जितेंद्र सिंह शेखावत के नेतृत्व में, फेस्टिवल के अध्यक्ष संजय कुमार ख्वाड और सचिव आनंद अग्रवाल की उपस्थिति में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, सुखपुरिया सांगानेर (जयपुर) के विद्यार्थियों को सफारी करवाई गई।

अग्रवाल ने बताया कि इस पहल के तहत भविष्य में विद्यार्थियों की एक परीक्षा भी आयोजित की जाएगी, जिसमें यह आंका जाएगा कि उन्होंने जंगल भ्रमण से क्या सीखा। वहीं, फेस्टिवल के अध्यक्ष संजय ख्वाड ने कहा कि इस अभियान में शामिल प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आगामी समय में एक बड़े कार्यक्रम में सम्मानित करने की योजना भी है।

यह संपूर्ण कार्यक्रम वन विभाग राजस्थान द्वारा निःशुल्क आयोजित किया जा रहा है, जिसमें राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद का सहयोग प्राप्त है। आयोजकों ने वन मंत्री संजय शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह की पहल से विद्यार्थियों में प्रकृति और वन्यजीवों के प्रति संवेदनशीलता बढ़ेगी।

Previous Post Next Post