जयपुर में “आपणो घूमर-2026” के पोस्टर का भव्य विमोचन, 10 हजार महिलाएं बनाएंगी विश्व रिकॉर्ड

 



जयपुर। राजस्थान की संस्कृति, नारी शक्ति और परंपरा को वैश्विक पहचान दिलाने के उद्देश्य से सद्भावना परिवार की ओर से आयोजित होने वाले भव्य कार्यक्रम “आपणो घूमर-2026” के पोस्टर का विमोचन जयपुर के जवाहर सर्कल स्थित पत्रिका गेट पर किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं एवं आयोजकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

सद्भावना परिवार के अध्यक्ष मनोज पाण्डेय ने जानकारी देते हुए बताया कि आगामी 01 अगस्त 2026 को जयपुर में ऐतिहासिक आयोजन किया जाएगा, जिसमें 10 हजार महिलाएं एक साथ घूमर नृत्य प्रस्तुत कर विश्व रिकॉर्ड बनाने का प्रयास करेंगी। उन्होंने कहा कि “घूमर राजस्थान की शान है और यह आयोजन प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को विश्व स्तर पर नई पहचान दिलाएगा।”



उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य केवल सांस्कृतिक प्रस्तुति तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना भी है। आयोजन के दौरान महिलाओं को आत्मसुरक्षा प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।



पोस्टर विमोचन कार्यक्रम में सद्भावना परिवार की संचालिका शिवकांता पाण्डेय, अंजली सिसोदिया, चमन विजय, आरती माथुर, प्रतिमा भारद्वाज, मुस्कान पारवानी, सुजाता शर्मा, मीना सिंघल, प्रीति जैन, नेहा गांधी, मीनाक्षी जैन, कीर्ति शर्मा, सपना जैन, दौलत शर्मा, ज्योति गुप्ता, कविता एवं अंकिता मिश्रा सहित कई गणमान्य महिलाएं मौजूद रहीं।

वहीं आयोजन की कोरियोग्राफर टीम में सोनू कुमावत, दीपाली गुप्ता, सीमा सेठी, विशाल कटारिया, पूजा दाबाई, सोनू मल्होत्रा और रोहित शर्मा ने कार्यक्रम को सफल बनाने का संकल्प लिया।


इस अवसर पर आयोजकों ने कहा कि “आपणो घूमर-2026” राजस्थान की लोक संस्कृति, महिला शक्ति और एकता का प्रतीक बनेगा तथा जयपुर से पूरी दुनिया तक संस्कृति का संदेश पहुंचाएगा।

Previous Post Next Post