जयपुर। राजस्थान स्टोरेज बैटरी ट्रेड एसोसिएशन की ओर से 27वें स्थापना दिवस समारोह एवं स्वैच्छिक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन शुक्रवार को बनीपार्क स्थित धनबाद संस्थान में उत्साह एवं सामाजिक सरोकारों के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में व्यापारिक संगठनों, सामाजिक संस्थाओं, स्काउट-गाइड स्वयंसेवकों, युवाओं एवं एसोसिएशन से जुड़े सदस्यों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली।
रक्तदान शिविर के दौरान कुल 101 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। शिविर में संगठन से जुड़े पदाधिकारियों, व्यापारियों एवं युवाओं ने बढ़-चढ़कर रक्तदान किया। वहीं स्काउट-गाइड स्वयंसेवकों ने भी मानव सेवा के इस पुनीत कार्य में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रक्तदान के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
इस अवसर पर आयोजित सम्मान समारोह में एसोसिएशन से जुड़े पदाधिकारियों, कार्यकारिणी सदस्यों एवं सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय योगदान देने वाले सदस्यों का सम्मान किया गया। अतिथियों ने रक्तदान को महादान बताते हुए कहा कि एक व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान कई जरूरतमंद मरीजों के जीवन को बचाने में सहायक बनता है।
एसोसिएशन के अध्यक्ष सतीश शर्मा ने कहा कि संस्था पिछले कई वर्षों से सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रही है और रक्तदान शिविर के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों की सहायता करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि समाज सेवा के ऐसे कार्यों से संगठन की सामाजिक प्रतिबद्धता मजबूत होती है।
महासचिव लोकेश टिक्कीवाल ने बताया कि स्थापना दिवस समारोह को भव्य रूप देने के लिए व्यापक तैयारियां की गई थीं और कार्यक्रम को समाज सेवा से जोड़ते हुए रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। उन्होंने रक्तदाताओं, स्वयंसेवकों एवं आयोजन में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में संस्थापक सदस्य रामलाल कच्छावा, सत्यप्रकाश अग्रवाल, सतीश चन्द हेडा, गंगा सिंह राठौड़, धर्मवीर यादव, संरक्षक सदस्य हंसराज अग्रवाल, रमेश सांखला (पाली), मुख्य सलाहकार पूनमचंद कच्छावाह, कानाराम वीर गुर्जर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष रफीक मन्सूरी, उपाध्यक्ष बाबूलाल यादव (मामा), संयुक्त सचिव राकेश कुमार मालानी, कोषाध्यक्ष सुरेन्द्र कुमार शर्मा, संगठन मंत्री मंसूर अहमद सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।
वहीं आयोजन समिति अध्यक्ष रमेश कुमार प्रजापत के नेतृत्व में कार्यकारिणी सदस्यों प्रहलाद राय शर्मा, भागीरथ सिंह, रवि कुमार जालान, उमराव सिंह, दिनेश कुमार सैनी, मनीष गौड़, दुर्गालाल कुमावत, श्रीवर्धन मंगल एवं देवीलाल सामोता ने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में सक्रिय भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के दौरान सामाजिक सरोकारों एवं मानव सेवा के क्षेत्र में निरंतर कार्य करने का संकल्प भी लिया गया। आयोजन के सफल संचालन पर सभी अतिथियों एवं सदस्यों ने एसोसिएशन की सराहना की।


















