स्वास्थ्य कल्याण ब्लड बैंक ने मनाया 32वां स्थापना दिवस, 151 यूनिट रक्तदान हुआ एकत्रित

 

जयपुर, 17 मई 2026। स्वास्थ्य कल्याण ब्लड बैंक मिलाप नगर, जयपुर ने रविवार को अपना 32वां स्थापना दिवस उत्साहपूर्वक मनाया। इस अवसर पर आयोजित वृहद रक्तदान शिविर में बड़ी संख्या में रक्तदाताओं ने हिस्सा लिया और करीब 151 यूनिट रक्तदान किया। शिविर में ब्लड बैंक, राजस्थान हॉस्पिटल एवं स्वास्थ्य कल्याण संस्थाओं के कर्मचारी, अधिकारी, विद्यार्थी तथा मित्रगण एवं उनके परिजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।



ब्लड बैंक के मैनेजिंग ट्रस्टी डॉ. एस. एस. अग्रवाल ने बताया कि अब उन अस्पतालों को सीधे रक्त उपलब्ध कराया जाएगा, जिनके पास स्वयं का ब्लड बैंक नहीं है और जिन्होंने स्वास्थ्य कल्याण ब्लड बैंक के साथ एमओयू किया है। इससे मरीजों और उनके परिजनों को रक्त के लिए विभिन्न ब्लड बैंकों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और समय पर रक्त उपलब्ध हो सकेगा।



डॉ. अग्रवाल ने बताया कि वर्ष 1995 में स्थापित यह ब्लड बैंक निजी क्षेत्र का पहला ब्लड बैंक है, जिसे राजस्थान का पहला लाइसेंस प्राप्त प्लेटलेट एफेरेसिस और प्रदेश का पहला एनएबीएच मान्यता प्राप्त स्टैंड अलोन ब्लड बैंक होने का गौरव प्राप्त है। उन्होंने कहा कि पिछले 31 वर्षों में ब्लड बैंक ने 8100 से अधिक रक्तदान शिविरों के माध्यम से 6 लाख यूनिट से ज्यादा रक्त एकत्रित किया है और विभिन्न रक्त घटकों के जरिए 12 लाख से अधिक मरीजों को लाभान्वित किया है।



उन्होंने बताया कि रक्त की एक यूनिट से लगभग 20 प्रकार के रक्त उत्पाद तैयार किए जा सकते हैं, जिन्हें मरीज की आवश्यकता के अनुसार उपयोग में लिया जाता है। इनमें पैक्ड आरबीसी, फ्रेश फ्रोजन प्लाज्मा, सिंगल डोनर प्लेटलेट्स, क्रायो प्रेसिपिटेट सहित कई आधुनिक ब्लड कंपोनेंट शामिल हैं।




समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, सांसद मंजू शर्मा, पूर्व सांसद रामचरण बोहरा एवं सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा सहित अनेक गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने स्वास्थ्य कल्याण ब्लड बैंक को प्रदेश का आदर्श निजी ब्लड बैंक बताते हुए इसकी सेवाओं की सराहना की।

डॉ. अग्रवाल ने बताया कि ब्लड बैंक अब सोशल मीडिया के माध्यम से रक्तदान को लेकर जनजागरूकता अभियान भी चलाएगा। छोटे-छोटे वीडियो के जरिए लोगों को रक्तदान की प्रक्रिया, इसके लाभ और एक यूनिट रक्त से कई जिंदगियां बचाने संबंधी जानकारी दी जाएगी।

उन्होंने सभी स्वस्थ लोगों से वर्ष में कम से कम एक बार रक्तदान करने और हर साल एक नए व्यक्ति को रक्तदान के लिए प्रेरित करने का आह्वान 

Previous Post Next Post