रजलानी में सात दिवसीय श्रीमद भागवत कथा महोत्सव का शुभारंभ आज से



 राजधानी(जोधपुर)

सिद्ध बाबा शिवनाथ जी महाराज की जीवित समाधि स्थल धूणे के तलहटी में स्थित गौरक्षक लोकदेवता बाबा छोड़सिंह जी महाराज के नव निर्मित मंदिर व मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के उपलक्ष्य में सात दिवसीय श्रीमद भागवत कथा महोत्सव का शुभारंभ आज शनिवार से किया जा रहा है।

रजलानी सरपंच पारस गुर्जर और युवा कार्यकर्ता सुनील पाड़ीवाल ने बताया कि यह कथा महोत्सव आज से 8 मई तक सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित किया जाएगा। कथा का प्रवचन बड़ा रामद्वारा सूरसागर महंत परमहंस डॉ. रामप्रसाद महाराज के श्रीमुख से होगा।

आज सुबह 9 बजे पुजारी सोहनराम प्रजापत के घर से लेकर कथा स्थल छोड़सिंह मंदिर प्रांगण तक कथाव्यास व भागवत पोथी की शोभायात्रा गाजे-बाजे के साथ निकाली जाएगी। कार्यक्रम में लोकदेवता छोड़सिंह बाबा के नव निर्मित मंदिर, उनकी अश्वारोही प्रतिमा, सती माता और गौमाता की मूर्तियों की संतों के कर कमलों से प्राण प्रतिष्ठा भी की जाएगी।

सरपंच पारस गुर्जर ने बताया कि 4 मई से 8 मई तक मंदिर प्रांगण में यजमानों द्वारा हवन पूजन किया जाएगा। भागवत कथा का सीधा प्रसारण बड़ा रामद्वारा सूरसागर के ऑफिशियल यूट्यूब चैनल पर किया जाएगा। आयोजन समिति द्वारा सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

Previous Post Next Post