विशेष बच्चों के सपनों को नई उड़ान देगा ‘ROOT’ समर कैंप, मानसरोवर में 11 मई से होगा आयोजन

 


जयपुर। विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के सर्वांगीण विकास और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य कर रहे ROOT एक्टिविटी सेंटर एवं डे-केयर सेवा द्वारा इस वर्ष विशेष बच्चों के लिए एक विशेष समर कैंप का आयोजन किया जा रहा है। यह समर कैंप 11 मई से 13 जून 2026 तक मानसरोवर स्थित संस्थान परिसर में आयोजित होगा। कैंप का उद्देश्य बच्चों के मानसिक, शारीरिक, सामाजिक और भावनात्मक विकास को बढ़ावा देना है, ताकि वे आत्मविश्वास के साथ अपनी प्रतिभा को निखार सकें और समाज की मुख्यधारा से जुड़ सकें।



मानसरोवर के रजत पथ 56/54 पर संचालित ROOT एक्टिविटी सेंटर विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए समर्पित एक ऐसा केंद्र है, जहां बच्चों को सुरक्षित, सकारात्मक और प्रेरणादायक वातावरण प्रदान किया जाता है। संस्थान की संस्थापिका श्रीमती अंशुल पारीक, जो एक अनुभवी विशेष शिक्षिका एवं योग शिक्षिका हैं, पिछले कई वर्षों से विशेष बच्चों के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। उनके निर्देशन में बच्चों को व्यवहारिक शिक्षा, मोटर स्किल प्रशिक्षण, कम्युनिकेशन डेवलपमेंट और दैनिक जीवन कौशल से जुड़ी गतिविधियों के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।




संस्थान द्वारा आयोजित इस समर कैंप में बच्चों के लिए मनोरंजन के साथ-साथ सीखने और व्यक्तित्व विकास से जुड़ी अनेक गतिविधियां शामिल की गई हैं। कैंप के दौरान योग एवं मेडिटेशन के माध्यम से बच्चों को मानसिक शांति और एकाग्रता सिखाई जाएगी, वहीं डांस एवं म्यूजिक एक्टिविटी से उनकी रचनात्मक क्षमता को बढ़ावा मिलेगा। इसके अलावा आर्ट एंड क्राफ्ट, ड्राइंग एवं पेंटिंग जैसी गतिविधियों के जरिए बच्चों की कल्पनाशक्ति और कलात्मक प्रतिभा को निखारा जाएगा।


बच्चों के शारीरिक विकास और सक्रियता को ध्यान में रखते हुए इंडोर एवं आउटडोर गेम्स, मोटर स्किल डेवलपमेंट एक्टिविटी तथा फन लर्निंग एक्टिविटीज भी आयोजित की जाएंगी। वहीं स्पीच एवं कम्युनिकेशन एक्टिविटी, ग्रुप एक्टिविटी और सोशल इंटरैक्शन से बच्चों में आत्मविश्वास और सामाजिक व्यवहार को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा। इसके साथ ही बच्चों को सेल्फ हेल्प एवं डेली लाइफ स्किल ट्रेनिंग देकर उन्हें दैनिक जीवन के कार्यों में आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।



संस्थान की संस्थापिका अंशुल पारीक का मानना है कि प्रत्येक बच्चा विशेष होता है और सही मार्गदर्शन, प्रेम एवं प्रोत्साहन मिलने पर वह अपनी अनूठी प्रतिभा से समाज में नई पहचान बना सकता है। इसी उद्देश्य के साथ ROOT लगातार विशेष बच्चों और उनके अभिभावकों के लिए सहयोगात्मक वातावरण तैयार कर रहा है।

समर कैंप के माध्यम से बच्चों को न केवल सीखने का अवसर मिलेगा, बल्कि वे नई दोस्ती, सामाजिक सहभागिता और रचनात्मक अनुभवों के जरिए अपने व्यक्तित्व को भी विकसित कर सकेंगे। संस्थान का प्रयास है कि विशेष बच्चों को ऐसा मंच उपलब्ध कराया जाए, जहां वे बिना किसी झिझक के अपनी क्षमताओं को पहचानें और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें।

Previous Post Next Post