जयपुर, 11 जून। जयपुर मिजो क्रिश्चियन फेलोशिप एवं मिजो वेलफेयर के संयुक्त तत्वावधान में आगामी 15 जून को "वाईएमए डे 2026" का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम सोमवार दोपहर 12 बजे से द वेस्टिन फार्म, बालाजी सिटी रोड, बिंदायका, जयपुर में आयोजित होगा। आयोजकों ने जयपुर में निवासरत पूर्वोत्तर राज्यों के सभी लोगों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।
कार्यक्रम के प्रथम सत्र की अध्यक्षता पु आर. ललटलंथांगा करेंगे, जबकि उद्घाटन प्रार्थना एनएल जेनिफर आर. ललह्रियातपुई द्वारा की जाएगी। इस अवसर पर पु आर. ललचंचिनमाविया वाईएमए डे का विशेष संदेश देंगे। कार्यक्रम में विशेष संगीत प्रस्तुतियों के साथ वाईएमए प्रतिज्ञा पर चर्चा तथा पूर्व पदाधिकारियों का सम्मान भी किया जाएगा।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण "मिस एंड मिस्टर जयपुर" चयन प्रतियोगिता रहेगी, जिसमें मिजो पारंपरिक वेशभूषा में प्रतिभागी अपनी संस्कृति और प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता का मूल्यांकन चयनित निर्णायक मंडल द्वारा किया जाएगा।
आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान सामूहिक भोज की भी विशेष व्यवस्था की गई है। भोजन स्थल पर ही तैयार किया जाएगा, जिसके लिए समुदाय के सदस्यों से सहयोग का आग्रह किया गया है।
जयपुर मिजो क्रिश्चियन फेलोशिप एवं मिजो वेलफेयर के अनुसार इस आयोजन का उद्देश्य मिजो संस्कृति के संरक्षण, सामुदायिक एकता को सुदृढ़ बनाने तथा सामाजिक सौहार्द को बढ़ावा देना है। उन्होंने जयपुर में रह रहे पूर्वोत्तर समुदाय के सभी लोगों से कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया है।


