जयपुर, 19 जून। राज्य सरकार के पदोन्नति आदेशों के तहत वरिष्ठ नर्सिंग अधिकारी नीलम नावरिया को जयपुर के प्रतिष्ठित जे.के. लोन चिकित्सालय में नर्सिंग अधीक्षक पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। गुरुवार, 18 जून 2026 को चिकित्सालय अधीक्षक डॉ. आर.एन. सेहरा ने उन्हें विधिवत पद एवं कार्यभार ग्रहण करवाया।
नीलम नावरिया लंबे समय से चिकित्सा सेवाओं में उत्कृष्ट योगदान देती रही हैं। मरीजों के प्रति समर्पण, कुशल प्रबंधन क्षमता और अस्पताल की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी ‘माँ योजना’ के प्रभावी संचालन के लिए उन्हें चिकित्सा अधीक्षक द्वारा प्रशंसा पत्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया जा चुका है।
स्वच्छता और अस्पताल प्रबंधन के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट कार्यों को देखते हुए सवाई मानसिंह मेडिकल कॉलेज द्वारा 26 जनवरी समारोह के दौरान उन्हें उत्तम सफाई व्यवस्था, स्वच्छ शौचालय एवं सर्वश्रेष्ठ बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन के लिए प्रथम चल वैजयंती पुरस्कार एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया था।
नर्सिंग अधीक्षक पद पर उनकी नियुक्ति को चिकित्सा क्षेत्र में उनके समर्पण, नेतृत्व क्षमता और उत्कृष्ट सेवाओं की पहचान माना जा रहा है। चिकित्सा जगत के विशेषज्ञों का मानना है कि उनके अनुभव और कार्यशैली से जे.के. लोन चिकित्सालय की नर्सिंग सेवाओं को और अधिक मजबूती मिलेगी।


