जयपुर, 20 जून। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (21 जून) के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री निवास पर विश्व योगासन चैम्पियनशिप के पदक विजेता खिलाड़ियों के साथ योगाभ्यास किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए योग को स्वस्थ और संतुलित जीवन का आधार बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाता है। उन्होंने आमजन से आह्वान किया कि स्वस्थ और निरोग जीवन के लिए योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाएं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अहमदाबाद में आयोजित प्रथम विश्व योगासन चैम्पियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले राजस्थान के खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के बल पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत और राजस्थान का गौरव बढ़ाया है।
गौरतलब है कि विश्व योगासन चैम्पियनशिप में राजस्थान के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश के लिए कुल 10 पदक हासिल किए। इनमें 9 स्वर्ण पदक और 1 रजत पदक शामिल हैं। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि को मुख्यमंत्री ने युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि खेल और योग के क्षेत्र में राजस्थान लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है।
मुख्यमंत्री ने पदक विजेताओं की हौसला-अफजाई करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और योग को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
Tags
Jaipur






