युवाओं के हुनर और कौशल से साकार होगा विकसित भारत का सपना : प्रधानमंत्री मोदी

 


जयपुर/नई दिल्ली, 20 जून। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि भारत के युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं और उनके हुनर, कौशल तथा सामर्थ्य से ही विकसित भारत-2047 का सपना साकार होगा। प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना (PM-VBRY) युवाओं की प्रतिभा को अवसरों में बदलने का एक महत्वपूर्ण माध्यम बन रही है, जिससे रोजगार सृजन के साथ सामाजिक सुरक्षा का दायरा भी लगातार बढ़ रहा है।



प्रधानमंत्री मोदी ने विज्ञान भवन, नई दिल्ली से प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के तहत आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए देशभर के 15 लाख लाभार्थी युवाओं को 2,400 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि हस्तांतरित की। उन्होंने कहा कि यह राशि केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि युवाओं की मेहनत, प्रतिभा और उनके उज्ज्वल भविष्य का सम्मान है।



प्रधानमंत्री ने कहा कि योजना के माध्यम से अब तक 70 लाख से अधिक रोजगार सृजित किए जा चुके हैं तथा 20 लाख से अधिक युवा अपनी पहली नौकरी में छह माह का कार्यकाल पूरा कर चुके हैं। यह योजना युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के साथ-साथ उद्योगों को भी नए रोजगार सृजित करने के लिए प्रोत्साहित कर रही है।

उन्होंने कहा कि भारत आज वैश्विक अर्थव्यवस्था में तेजी से अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। देश में दो लाख से अधिक पंजीकृत स्टार्टअप सक्रिय हैं और 40 देशों के साथ हुए मुक्त व्यापार समझौतों (FTA) से ‘मेक इन इंडिया’ उत्पादों के लिए नए बाजार खुल रहे हैं। इससे निवेश, उत्पादन और रोजगार के अवसरों में उल्लेखनीय वृद्धि हो रही है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता प्रत्येक श्रमिक को सुरक्षित रोजगार और सामाजिक सुरक्षा प्रदान करना है। इसी उद्देश्य से ईपीएफओ और पेंशन व्यवस्थाओं को तकनीक आधारित और अधिक सरल बनाया गया है। नए श्रम संहिताओं (लेबर कोड्स) के माध्यम से श्रमिकों को अधिक सुरक्षा, पारदर्शिता और अधिकार सुनिश्चित किए जा रहे हैं।

विकसित भारत के लिए कौशल, नवाचार और गुणवत्ता जरूरी

प्रधानमंत्री मोदी ने उद्योग जगत से आह्वान करते हुए कहा कि 21वीं सदी में वही देश आगे बढ़ेंगे जिनके पास कुशल मानव संसाधन, नवाचार और गुणवत्ता होगी। भारत के पास प्रतिभा और अवसर दोनों हैं तथा देश भविष्य की वैश्विक अर्थव्यवस्था का नेतृत्व करने की क्षमता रखता है।

रोजगार और सामाजिक सुरक्षा का नया दौर

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश में रोजगार और सामाजिक सुरक्षा का नया युग शुरू हुआ है। उन्होंने बताया कि पिछले 12 वर्षों में देश में 17 करोड़ रोजगार अवसरों का सृजन हुआ है, जबकि 2014 से पहले के दशक में यह संख्या 2.92 करोड़ थी।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से पहले जहां केवल 25 करोड़ लोग सामाजिक सुरक्षा के दायरे में थे, वहीं आज यह संख्या बढ़कर लगभग 94 करोड़ हो गई है, जो देश की कुल आबादी का 64.3 प्रतिशत है।

जयपुर में मुख्यमंत्री ने बांटे नियुक्ति पत्र

इस अवसर पर जयपुर के आर.एल. स्वर्णकार ऑडिटोरियम में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने निजी क्षेत्र में नियुक्त हुए युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। मुख्यमंत्री ने युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य सरकार रोजगार सृजन, कौशल विकास और युवा सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

कार्यक्रम में सांसद राव राजेंद्र सिंह, विधायक कालीचरण सर्राफ, विभिन्न विभागों के अधिकारी, निजी क्षेत्र के नियोक्ता तथा बड़ी संख्या में नवनियुक्त युवा उपस्थित रहे।

Previous Post Next Post