राज्यपाल बागडे और विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने किया विधायक डॉ. गोपाल शर्मा की पुस्तक “मेरी मुलाकातें” का लोकार्पण

 


जयपुर | 10 जनवरी 2026

विश्व हिंदी दिवस के पावन अवसर पर सिविल लाइंस विधायक एवं वरिष्ठ पत्रकार डॉ. गोपाल शर्मा की नवीन पुस्तक “मेरी मुलाकातें” का लोकार्पण शनिवार को राज्यपाल हरिभाऊ बागडे और राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (आरआईसी), झालाना में आयोजित गरिमामयी समारोह में किया।

कार्यक्रम में केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव वर्चुअल माध्यम से जुड़े।

प्रभात प्रकाशन द्वारा प्रकाशित इस पुस्तक की भूमिका राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह ने लिखी है। पुस्तक में डॉ. गोपाल शर्मा के लंबे और समृद्ध पत्रकारिता जीवन के दौरान हुई महत्वपूर्ण राजनीतिक, सामाजिक एवं साहित्यिक व्यक्तित्वों से मुलाकातों और साक्षात्कारों को संकलित किया गया है, जो पाठकों को इतिहास के महत्वपूर्ण क्षणों से रूबरू कराती है।





कार्यक्रम की शुरुआत में पद्मश्री अनवर खां मांगणियार ने अपने साथियों के साथ सूफी भजनों की मनमोहक प्रस्तुति देकर समां बांध दिया। अमर शहीद भगत सिंह के भतीजे किरणजीत सिंह इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

गोपाल शर्मा का पत्रकारिता जीवन प्रेरणास्रोत : राज्यपाल बागडे

राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने अपने आशीर्वचनों में कहा कि विधायक डॉ. गोपाल शर्मा का पत्रकारिता जीवन आदर्शपूर्ण रहा है और यह नई पीढ़ी के पत्रकारों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि डॉ. शर्मा द्वारा अपने पत्रकारिता काल में लिए गए साक्षात्कार समय के महत्वपूर्ण दस्तावेज हैं।



राज्यपाल ने कहा कि साक्षात्कार वही सार्थक होते हैं, जिनमें प्रश्नकर्ता और उत्तरदाता दोनों विषय एवं समय की गहराई को समझते हों। उन्होंने विश्वास जताया कि यह पुस्तक पाठकों को पत्रकारिता और इतिहास दोनों दृष्टियों से समृद्ध करेगी।

उन्होंने भारतीय पत्रकारिता की परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है, जो लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करती है।

विशिष्ट व्यक्तित्वों के अनछुए पहलुओं को सामने लाती है पुस्तक : अश्विनी वैष्णव

केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वीडियो संदेश में कहा कि विश्व हिंदी दिवस पर इस पुस्तक का लोकार्पण अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने कहा कि डॉ. गोपाल शर्मा का पत्रकारिता में लंबा अनुभव रहा है और उन्होंने समाज की नब्ज को गहराई से समझा है।

उन्होंने कहा कि पुस्तक में कई प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों, जिनमें पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी भी शामिल हैं, के जीवन के ऐसे पहलुओं को प्रस्तुत किया गया है, जो अब तक सार्वजनिक नहीं थे। यही इस पुस्तक की सबसे बड़ी विशेषता और प्रमाणिकता है।

गोपाल शर्मा की खबरों ने बदलीं नीतियां : विधानसभा अध्यक्ष देवनानी

विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि यह आयोजन केवल एक पुस्तक विमोचन नहीं, बल्कि पत्रकारिता से विधायिका तक के एक प्रेरणादायक सफर का उत्सव है।

उन्होंने कहा कि “मेरी मुलाकातें” अतीत और वर्तमान के बीच एक सशक्त पुल है, जिसमें हर पृष्ठ अनुभवों और इतिहास की सजीव झलक प्रस्तुत करता है।

देवनानी ने कहा कि डॉ. गोपाल शर्मा की पत्रकारिता ने सामाजिक न्याय, किसान आंदोलन और राजनीतिक शुचिता जैसे मुद्दों पर नीतियों को प्रभावित किया और आज उनकी आवाज सदन में भी उतनी ही प्रभावशाली है।

पद्म सम्मानित हस्तियां, शहीद परिवार और संत-महंत रहे उपस्थित

कार्यक्रम में कई पद्म सम्मानित हस्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिनमें पद्म भूषण देवेन्द्र झांझड़िया, पद्मश्री उस्ताद अहमद हुसैन, पद्मश्री उस्ताद मोहम्मद हुसैन, पद्मश्री गुलाबो सपेरा, पद्मश्री तिलक गिताई, पद्मश्री मुन्ना मास्टर और पद्मश्री राम किशोर छीपा शामिल रहे।

इसके साथ ही अनेक शहीद परिवारों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न संत-महंत और धर्माचार्यों ने भी आशीर्वाद प्रदान किया।

हरदेव जोशी पत्रकारिता विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. नंदकिशोर पांडेय सहित पत्रकारिता, साहित्य, राजनीति, शिक्षा, व्यापार और सामाजिक क्षेत्र के अनेक प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।

Previous Post Next Post