जयपुर, 17 जनवरी।
जैन धर्म के प्रवर्तक एवं प्रथम तीर्थंकर भगवान ऋषभदेव (आदिनाथ) का मोक्ष कल्याणक महोत्सव शनिवार को जयपुर सहित प्रदेशभर में भक्ति एवं श्रद्धा भाव से मनाया गया। इस अवसर पर शहर के विभिन्न दिगम्बर जैन मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, अभिषेक एवं निर्वाण लाडू अर्पित किए गए। मंदिरों में “भगवान आदिनाथ की जय” के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया।
राजस्थान जैन युवा महासभा के प्रदेश महामंत्री विनोद जैन कोटखावदा ने बताया कि प्रातःकाल भगवान आदिनाथ के अभिषेक के पश्चात मंत्रोच्चार के साथ शांतिधारा की गई और विश्व में सुख-शांति व समृद्धि की कामना की गई। इसके बाद अष्टद्रव्य से पूजा-अर्चना के दौरान निर्वाण काण्ड भाषा के सामूहिक उच्चारण के साथ
“माघ चतुर्दशी कृष्ण की, मोक्ष गये भगवान।
भवि जीवों को बोधिके, पहुंचे शिवपुर जान॥”
श्लोक का सामूहिक पाठ किया गया। जयकारों के साथ अर्घ्य अर्पित कर निर्वाण लाडू चढ़ाया गया। महाआरती के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
शांतिनाथ जी की खोह में विशेष आयोजन
श्री शांतिनाथ दिगम्बर जैन अतिशय क्षेत्र शांतिनाथ जी की खोह में भी भगवान आदिनाथ का मोक्ष कल्याणक दिवस भव्य रूप से मनाया गया। मुनि भक्त कमल वैद के नेतृत्व में भूगर्भ से प्रकटित एक हजार वर्ष से अधिक प्राचीन भगवान आदिनाथ की प्रतिमा का जल, चंदन, दुग्ध, घृत, अनार रस, केला रस, अंगूर रस, पपीता रस, सेव रस, अनानास रस, गन्ना रस, सर्वोषधि एवं श्रीफल जल से पंचामृत अभिषेक किया गया। प्रतिमा पर केसर लेपन के बाद शांतिधारा एवं विधिवत पूजा संपन्न हुई। सामूहिक मंत्रोच्चार के साथ निर्वाण लाडू अर्पित किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में गणमान्य श्रद्धालु उपस्थित रहे।
इन मंदिरों में भी हुए आयोजन
विनोद जैन कोटखावदा ने बताया कि
अग्रवाल फार्म थड़ी मार्केट स्थित श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन मंदिर में आचार्य सुन्दर सागर महाराज एवं शशांक सागर मुनिराज ससंघ के सानिध्य में निर्वाण लाडू चढ़ाया गया।
सांगानेर संघीजी दिगम्बर जैन अतिशय क्षेत्र में भगवान आदिनाथ के महामस्तकाभिषेक के बाद निर्वाण लाडू अर्पित किया गया तथा दोपहर में आदिनाथ पूजा विधान हुआ।
इसके अलावा भट्टारकजी की नसियां, एसएफएस, सूर्य नगर, चूलगिरी, जग्गा की बावड़ी, आदिनाथ बख्शीजी, दुर्गापुरा, सेठी कॉलोनी, प्रतापनगर सेक्टर-17, मोहनबाड़ी, जनकपुरी, श्योपुर सहित अनेक दिगम्बर जैन मंदिरों में भी निर्वाणोत्सव मनाया गया।
रात्रि में महाआरती, भक्ति संध्या एवं भक्तामर स्तोत्र पाठ का आयोजन किया गया।
18 जनवरी को ज्ञान कल्याणक महोत्सव
विनोद जैन कोटखावदा के अनुसार रविवार, 18 जनवरी को 11वें तीर्थंकर भगवान श्रेयांसनाथ का ज्ञान कल्याणक महोत्सव मनाया जाएगा। इस अवसर पर दिगम्बर जैन मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना कर मंत्रोच्चार के साथ ज्ञान कल्याणक अर्घ्य चढ़ाया जाएगा।
.jpg)